बाजार में दमदार तेजी बरकरार

शेयर बाजार ने आज यानी 27 मई को नया ऑल टाइम हाई बनाया है। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 76,009 का स्तर हुआ। वहीं निफ्टी ने भी 23,108 का ऑल हाई बनाया।
अभी सेंसेक्स में 576 अंक और निफ्टी में 147 अंक से ज्यादा की तेजी देखने को मिल रही है। इससे पहले शुक्रवार (24 मई) और गुरुवार (23 मई) को भी शेयर बाजार ऑल टाइम हाई बनाया था।
आज फार्मा शेयर्स में ज्यादा तेजी देखने को मिल रही है। डिविज लैब में करीब 5% और टॉरेंट फार्मा में 5% से ज्यादा की तेजी देखने को मिल रही है। वहीं ग्लेनमार्क में 4.5% से ज्यादा की तेजी है।
शेयर बाजार में तेजी के 3 कारण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक इंटरव्यू में कहा, ‘मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं कि 4 जून को, जैसे ही BJP रिकॉर्ड संख्या को छुएगी, शेयर बाजार भी नई रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच जाएगा।’ इस बयान का पॉजिटिव असर बाजार पर दिख रहा है।
RBI बोर्ड ने वित्त वर्ष 2024 के लिए सरकार को रिकॉर्ड 2,10,874 करोड़ रुपए के सरप्लस ट्रांसफर को मंजूरी दी है। पिछले वित्त वर्ष 2022-23 में RBI ने सरकार को 87,416 करोड़ का सरप्लस ट्रांसफर किया था। यानी, ये पिछले साल से 1.23 लाख करोड़ रुपए ज्यादा है।
विदेशी संस्थागत निवेशक (FII) अप्रैल से बिकवाली कर रहे हैं, लेकिन LIC और म्यूचुअल फंड्स जैसी घरेलू संस्थागत निवेशक (DII) की खरीदारी के चलते बाजार में तेजी है। मई में अब तक FII ने जहां 22,046 करोड़ रुपए के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की, वहीं DII ने 40,798 करोड़ की खरीदारी की।
शुक्रवार को बाजार ने बनाया था ऑल टाइम हाई
इससे पहले पिछले हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार (24 मई) को भी शेयर बाजार ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया था। सेंसेक्स ने 75,636 का हाई बनाया था। वहीं, निफ्टी ने 23,026 का हाई बनाया था।
हालांकि, बाजार ऊपरी स्तर से नीचे आकर मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ था। सेंसेक्स 7 अंक की गिरावट के साथ 75,410 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी में 10 अंक की गिरावट रही, ये 22,957 के स्तर पर बंद हुआ था।