महाराष्ट्र और कर्नाटक के बीच बढ़ा विवाद, बस सेवा निलंबित

महाराष्ट्र और कर्नाटक के बीच बस सेवाओं को निलंबित कर दिया गया है। पहले बेलगावी में मराठी न बोलने पर कंडक्टर की पिटाई और बाद में कर्नाटक में महाराष्ट्र के चालक पर कन्नड़ में जवाब न देने पर हमले के बाद यह फैसला लिया गया है। इस बीच पुणे में उद्धव ठाकरे की पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पुणे के स्वर्गेट इलाके में कर्नाटक नंबर प्लेट वाली बसों पर कालिख पोत दी।

चित्रदुर्ग में महाराष्ट्र के चालकों पर हमला

महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा कि यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए कर्नाटक के बीच बस सेवा को रद कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि कल रात कर्नाटक के चित्रदुर्ग में कुछ बदमाशों ने महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (MSRTC) के चालकों पर हमला किया। उनके चेहरे पर कालिख पोत दी। यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं।

ड्राइवर से फोन पर की बात

मंत्री ने कहा कि यात्रियों और अपने कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एमएसआरटीसी को कोल्हापुर डिवीजन से कर्नाटक तक महाराष्ट्र राज्य परिवहन की बस सेवाओं को अगले नोटिस तक रद करने का निर्देश दिया। प्रताप सरनाईक ने कहा कि मैंने घायल ड्राइवर भास्कर जाधव से फोन पर बात की। उन्हें आश्वस्त किया कि वे अकेले नहीं हैं। सरकार उनके साथ पूरी तरह से खड़ी है।

कब तक निलंबित करेगी बस सेवा?

परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा कि जब तक कर्नाटक सरकार स्पष्ट रुख नहीं अपनाती और इस मामले में बात नहीं करती है तब तक कोल्हापुर से कर्नाटक तक बस सेवा निलंबित रहेगी।

क्या है पूरा विवाद?

22 फरवरी को कर्नाटक के बेलगावी में कर्नाटक राज्य परिवहन निगम के बस कंडक्टर पर हमला किया गया था। कंडक्टर का आरोप है कि मराठी में जवाब नहीं देने पर कुछ लोगों ने उनकी बेरहमी से पिटाई की। कर्नाटक पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया और एक नाबालिग को हिरासत में लिया है। कर्नाटक का बेलगावी जिला महाराष्ट्र सीमा से लगता है। पुलिस के मुताबिक कंडक्टर पर भी पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

51 वर्षीय कंडक्टर मल्लप्पा हुक्केरी ने बताया कि सुलेभवी गांव से एक लड़की बस में चढ़ी। वह मराठी में बात कर रही थी। कंडक्टर ने बताया कि मैंने लड़की से कहा कि मैं मराठी नहीं जानता हू। मैंने कन्नड़ में बात करने को कहा। इस पर लड़की ने नाराजगी जताई और विवाद बढ़ गया। अचानक कुछ लोगों की भीड़ सड़क पर आ गई। लगभग 50 लोगों ने मुझ पर हमला किया। घायल बस कंडक्टर को बेलगावी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में भर्ती कराया गया है।

Back to top button