
प्रदेश अध्यक्ष ने आगे लिखा कि हंसमुख स्वभाव कटारिया के व्यक्तित्व में सबसे ऊपर था गरीबी से उठकर केंद्रीय मंत्री तक पहुँचे।
हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री और अंबाला से पार्टी सांसद रतनलाल कटारिया के निधन पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने गहरा दुख जताया है।
धनखड़ ने ट्वीट के माध्यम से भी अपना दुख जताते हुए कहा है कि कटारिया हम सबको हंसते- हंसते रूला गये। प्रदेश अध्यक्ष ने आगे लिखा कि हंसमुख स्वभाव कटारिया के व्यक्तित्व में सबसे ऊपर था, गरीबी से उठकर केंद्रीय मंत्री तक पहुँचे। धनखड़ ने दुखी मन से लिखा है कि कटारिया बहुत जल्दी हमारे बीच से चले गये, जनसेवा, विनम्र मित्रवत् स्वभाव उनकी पूंजी थी। उनका घर भाजपा का घर है।
कटारिया का जाना देश, प्रदेश और मेरी निजी क्षति
ओमप्रकाश धनखड़ ने कटारिया के निधन को देश, प्रदेश और अपनी निजी क्षति बताते हुए कहा कि दशकों तक उनके साथ काम करने का मौका मिला, उनका जाना, देश, प्रदेश, व भाजपा एवं मेरी निजी क्षति है। धनखड़ ने दिवंगत नेता को भावपूर्ण श्रद्धांजली देते हुए कहा कि देश और प्रदेश की जनता और पार्टी का हरेक नेता और कार्यकर्ता उनकी समाज सेवा और पार्टी के प्रति समर्पण की भावना से सदा प्रेरित होता रहेगा।
घनश्याम दास अरोड़ा ने दी श्रद्धांजलि
पंचकूला में सांसद रतनलाल कटारिया के निधन पर नायब सैनी सांसद कुरुक्षेत्र और विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने रतन लाल कटारिया के घर पहुंचे। उन्होंने रतनलाल कटारिया के पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि दी और परिवार को दी सांत्वना। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल समय में हम परिवार के साथ हैं।
आज ली अंतिम सांस
पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री एवं अंबाला से सांसद रतन लाल कटारिया का लंबी बीमारी के बाद वीरवार तड़के निधन हो गया। रतन लाल कटारिया पिछले कई दिनों से चंडीगढ़ के पीजीआई में भर्ती थे। कल ही उन्हें मिलने हरियाणा भाजपा के प्रभारी बिपलब देव गए थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करीबी माने जाने वाले रतनलाल कटारिया के निधन के बाद हरियाणा में शोक की लहर है।