महाराष्ट्र में भारत बंद को लेकर कई इलाकों में प्रदर्शन, विपक्ष ने मोदी सरकार के खिलाफ की नारेबाजी

महाराष्ट्र कांग्रेस ने सोमवार को केंद्रीय नेतृत्व की ओर से पेट्रोलियम पदार्थों की आसमान छूती कीमतों के खिलाफ बुलाए गए भारत बंद के दौरान राज्य के विभिन्न इलाकों में प्रदर्शन किया. भारत बंद को प्रदेश में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा), राज ठाकरे की अगुवाई वाली महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे), समाजवादी पार्टी, पीजेंट एंड वर्कर्स पार्टी और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने भी समर्थन दिया है.

मुंबई में महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख अशोक चव्हाण के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया. अंधेरी रेलवे स्टेशन पर रेल रोको प्रदर्शन के लिए चव्हाण और अन्य एक लोकल ट्रेन में सवार होकर स्टेशन तक पहुंचे. कांग्रेस नेता माणिकराव ठाकरे, नसीम खान और अन्य नेताओं ने चव्हाण के साथ प्रदर्शन किया. पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की.

विपक्षी पार्टी ने महाराष्ट्र की देवेंद्र फडणवीस नीत सरकार पर हमला बोला. चव्हाण ने कहा, ‘मोदी और फडणवीस सरकार (पेट्रोलियम उत्पादों) पर उत्पाद शुल्क लगाकर लूट रही है. यह अनुचित है. यह लोगों की जिदंगियों को तबाह कर रहा है. इसलिए हम यह प्रदर्शन कर रहे हैं. हम पेट्रोलियम पदार्थ की कीमतों में इजाफे को वापस लेने की मांग करते हैं’

Back to top button