दिल्ली: लोहे के सामान को सस्ते में बेचने का दिया झांसा

दिल्ली की साइबर सेल ने सस्ते दाम पर सरिया बेचने का झांसा देकर लाखों की ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इन दोनों को उत्तरी पूर्वी जिला साइबर सेल ने बिहार से पकड़ा है। 

उत्तर पूर्वी जिला साइबर सेल ने सस्ते दाम पर सरिया बेचने का झांसा देकर कारोबारी से 6.70 लाख की ठगी करने वाले दो जालसाजों को पटना, बिहार से गिरफ्तार किया है। जालसाज अपने को लोहे के सामान का थोक कारोबारी बताकर सोशल मीडिया पर विज्ञापन देकर ग्राहकों को आकर्षित करते थे। इनके कब्जे से पुलिस ने 15 मोबाइल, 25 सिम कार्ड, 20 एटीएम कार्ड, 7 चेक बुक, 4 पासबुक, 1 वाई-फाई डोंगल और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। 

दिल्ली में कारोबारी से ठगी
पुलिस ने इनके एक बैंक खाते को फ्रीज किया है, जिसमें 3 लाख रुपये जमा हैं। जांच में पता चला है कि आरोपियों ने पिछले एक साल में 100 से अधिक लोगों से ठगी की है। आरोपियों की पहचान गया बिहार निवासी दीपक कुमार और शेखपुरा बिहार निवासी जीतेंद्र कुमार के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि 29 सितंबर को करतार नगर निवासी प्रद्यूमन तिवारी ने ठगी की शिकायत की। 

ठगी के लिए निकालते थे विज्ञापन
जिसमें उन्होंने बताया कि वह लोहे की सरिया के थोक कारोबारी हैं। वह त्रिपाठी टेंडर नाम से दुकान चलाता है। 12 सितंबर को गूगल पर थोक में सरिया के आपूर्तिकर्ताओं की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक विज्ञापन मिला। उस पर दिए मोबाइल नंबर पर संपर्क किया। जिसने खुद को टीएमटी सरिया का कर्मचारी बताया। उनसे 13.33 लाख कीमत में 25 टन सरिया खरीदने का सौदा हुआ। 

पैसे लेने के बाद नहीं आया माल
आधा रकम पहले भुगतान करना था और बाद में खेप मिलने के बाद पेमेंट करनी थी। आरोपियों ने सौदे के कागजात व्हाट्सएप पर शिकायतकर्ता को भेज दिए। पीड़ित ने 6.70 लाख रुपये का भुगतान कर दिया। लेकिन बार-बार फोन करने के बावजूद सरिए के खेप की आपूर्ति नहीं की गई। उसके बाद शिकायतकर्ता को धोखाधड़ी का अहसास हुआ और उन्होंने साइबर सेल में शिकायत की।

Back to top button