दिल्ली: सीजन का दूसरा गर्म दिन रहा बुधवार, आज बारिश की संभावना

बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 5.3 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक 9.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
दिल्ली-एनसीआर में बीते चार दिनों से तेज धूप ने सर्दी में भी गर्मी का अहसास करा दिया। अधिकतम तापमान लगातार 23 डिग्री से ऊपर दर्ज हुआ है। बुधवार को सीजन का दूसरा सबसे गर्म दिन रहा। इस दौरान अधिकतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले 19 जनवरी को अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण आज बारिश की संभावना है। इससे न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आएगी।
मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार दोपहर तक गरज के साथ हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है। वहीं, सप्ताह के अंत में हल्का कोहरा भी परेशान कर सकता है। बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 5.3 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक 9.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दिल्ली में सबसे गर्म इलाका पीतमपुरा रहा, यहां अधिकतम तापमान 25.8 और न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जबकि रिज इलाके में अधिकतम तापमान 25.4 और न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार 24 जनवरी से अधिकतम तापमान 20 डिग्री तक पहुंच जाएगा। विभाग ने 28 जनवरी को भी एक पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना जताई है।
अधिकतम तापमान: 25.6 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम तापमान: 9.3 डिग्री सेल्सियस
23 जनवरी को सूर्यास्त: शाम 5:53 मिनट
24 जनवरी को सूर्योदय: सुबह 7:13 मिनट