दिल्ली-यूपी समेत कई राज्यों में अभी और सताएगी ठंड

दिन में खिली धूप के कारण ठंड से धीरे-धीरे राहत मिल रही है। वहीं, दिल्ली-एनसीआर में सुबह और शाम की ठंड अभी भी बरकरार है। कई राज्यों में हो रही बारिश की वजह से एक बार फिर सर्द हवाएं और ठिठुरन का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में दिल्ली और उसके सटे इलाकों में बारिश हो सकती है। इसके अलावा, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी का दौर एक बार फिर शुरू हो सकती है जिसका असर कई मैदानी इलाकों में देखने को मिल सकता है।

कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम
हल्के बादलों और लगातार चलने वाले सर्द हवाओं के कारण दिल्ली के लोगों को इस बार लंबी सर्दियों का सामना करना पड़ा है। मगर अब दिल्ली के मौसम में धीरे-धीरे गर्माहट महसूस की जा सकती है। दिन में खिली धूप निकलने की वजह से लोगों को ठिठुरन वाली ठंड से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में वृद्धि का दौर देखने को मिलेगा।

बिहार में लोगों को ठंड से मिलेगी राहत

बिहार के मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। कभी सर्द हवाएं तो कभी बारिश के बाद अब बिहार के मौसम में सुधार के आसार की भविष्यवाणी हुई है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि गुरुवार से धूप निकलने की उम्मीद है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि गुरुवार को राज्य के उत्तरी एवं मध्य बिहार में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाया रह सकता है। कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट भी आ सकती है। इसके अलावा, अगले 24 घंटों के दौरान बिहार में हल्की से मध्यम बारिश संभवाना है।

झारखंड में एक बार फिर बढ़ा ठंड का असर
झारखंड में बारिश की वजह से राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में एक बार फिर ठंड का असर बढ़ा दिया है। वहीं दूसरी ओर 14 फरवरी के शाम को हुई वर्षा ने रांचीवासियों की परेशानी बढ़ा दी है। वर्षा के बाद रांची के निचले हिस्से में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। खासकर बिरसा चौक कडरू हिंदपीढ़ी मधुकम समेत शहर के कई अन्य जगहों पर वर्षा के बाद जलजमाव ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी।

उत्तराखंड में बर्फबारी-बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड में एक बार फिर से मौसम ने करवट बदल ली है। अब पहाड़ों पर चटख धूप खिलने लगी है जिससे तापमान बढ़ रहा है। वहीं सुबह-शाम लोग ठंड से ठिठुर रहे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार अगले कुछ दिन प्रदेश में मौसम शुष्क रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तराखंड में 17 फरवरी से बारिश और बर्फबारी शुरू हो सकती है और 21 फरवरी तक जारी रह सकती है।

अगले कुछ दिनों तक इन राज्यों का ऐसा रहेगा हाल
अगले 24 घंटों के दौरान बिहार, झारखंड, उत्तरी छत्तीसगढ़ और सिक्किम में हल्की से मध्यम बारिश संभव है।वहीं, पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, असम, अरुणाचल प्रदेश और तमिलनाडु और केरल में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश संभव है। इसके अलावा, जम्मू कश्मीर, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 17 फरवरी से बारिश और बर्फबारी शुरू हो सकती है और 21 फरवरी तक जारी रह सकती है। मौसम विभाग ने 19 से 21 फरवरी के बीच पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश होने की उम्मीद जताई है।

Back to top button