दिल्ली: एलजी वीके सक्सेना ने यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का किया निरीक्षण

दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने रखरखाव में लापरवाही करने पर पूर्वी दिल्ली के डीडीए यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के प्रभारी अधिकारी (सचिव) को तुरंत प्रभाव से हटाने का निर्देश दिया। एलजी अधिकारियों के साथ दौरा करने स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान उपराज्यपाल ने दो महीने के अंदर इसका कायाकल्प करने का निर्देश दिया है।
उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने कहा कि यह कॉम्प्लेक्स खिलाड़ियों के लिए शीर्ष स्तरीय खेल क्षेत्र होने के साथ पूर्वी दिल्ली के लोगों के लिए एक आत्मनिर्भर मनोरंजन स्थल के रूप में विकसित होना चाहिए। उन्होंने कॉम्प्लेक्स के गेट पर बिना उपयोग वाली बिल्डिंग को क्लब हाउस के रूप में विकसित और पुनर्निर्मित करने का निर्देश दिया। यहां आसपास के इलाकों में रहने वाले लोग ओपन एयर डाइनिंग, रेस्तरां और मनोरंजन सहित अन्य सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे। साल 2010 के राष्ट्रमंडल खेल में इस स्टेडियम ने तीरंदाजी और टेबल टेनिस प्रतियोगिताओं की मेजबानी की थी।
स्थानीय लोग कर सकेंगे आयोजन
एलजी ने कहा कि करीब दो एकड़ की इस खुली जगह पर टेंटेज और भोजन की सुविधाएं विकसित करने से पूर्वी दिल्ली के लोगों को सामुदायिक समारोहों के आयोजन के लिए उपयुक्त जगह मिल सकेगी। खेल सुविधाओं से अलग कॉम्प्लेक्स का यह हिस्सा, कॉम्प्लेक्स में खेल गतिविधियों में व्यवधान डाले बिना, बाहर से आने वाले इस्तेमाल की पहुंच में होगा। इन दोनों सुविधाओं से स्थानीय लोगों को मनोरंजक स्थान मिलेगा। साथ ही स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के रखरखाव और अपग्रेडेशन के लिए धन भी प्राप्त हो सकेगा।
खिलाड़ियों को मिलेगी सुविधा
एलजी ने डीडीए के अधिकारियों को यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में विश्व स्तरीय खेल उपकरण और सुविधाएं मुहैया करवाने का निर्देश दिया। इनका उपयोग शीर्ष एथलीट, विशेषकर तीरंदाजी के खिलाड़ियों कर सकेंगे। एलजी ने कॉम्प्लेक्स में अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के प्रशिक्षण के लिए अनुकूल माहौल विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान एलजी ने मौजूद खिलाड़ियों से बातचीत की।
खिलाड़ियों ने कॉम्प्लेक्स के निकट आवास संबंधी समस्या बताई। एलजी ने खिलाड़ियों को आश्वस्त किया कि वह इस मामले को व्यक्तिगत तौर पर देखेंगे। शीघ्र ही इसका समाधान करेंगे। एलजी इससे पहले डीडीए के अधिकारियों को पास के होटलों के साथ समझौता करने का निर्देश दे चुके हैं, ताकि प्रशिक्षु एथलीट्स के लिए बेहतर सुविधा मिल सकें।





