दिल्ली : लोकसभा चुनाव में आप-कांग्रेस का मत प्रतिशत बढ़ा

कांग्रेस व आम आदमी पार्टी समझौता करके भी लोकसभा चुनाव में एक भी सीट पर जीत हासिल नहीं कर सकीं। इसके बावजूद भाजपा को दो मामलों में झटका देने में सफल रही। वर्ष 2019 के चुनाव की तुलना में इस बार दोनों पार्टियों ने काफी अधिक विधानसभा क्षेत्रों में जीत हासिल की और अपना मत प्रतिशत भी बढ़ाया। इतना ही नहीं, वह भाजपा का मत प्रतिशत कम करने में भी कामयाब हुई।

इस बार कांग्रेस के साथ समझौते के तहत आम आदमी पार्टी ने लोकसभा चुनाव में चार सीटों पर चुनाव लड़ा। उसने अपने हिस्से की चारों सीटों पर विधानसभा क्षेत्रों में जीत हासिल की। आप ने 10 विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा को पछाड़ने का कार्य किया। जबकि वर्ष 2019 में अकेले चुनाव लड़ने के दौरान आदमी पार्टी सातों लोकसभा क्षेत्रों के तहत आने वाले 70 विधानसभा क्षेत्रों में से एक क्षेत्र में भी जीत नहीं सकी थी। इतना ही नहीं, वह पांच लोकसभा क्षेत्रों में तीसरे स्थान पर रही थी और दो लोकसभा क्षेत्रों में दूसरे स्थान तक पहुंच सकी थी। वह मत प्रतिशत के मामले में कांग्रेस से पिछड़ गई थी।

उधर, इस बार कांग्रेस ने समझौते के तहत तीन लोकसभा क्षेत्रों में चुनाव लड़ा। उसने तीनों लोकसभा क्षेत्रों के 30 विधानसभा क्षेत्रों में से आठ क्षेत्र में भाजपा से अधिक मत प्राप्त किए। उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में तो उसने 10 में से चार विधानसभा क्षेत्रों में बढ़त बनाई। वहीं, वर्ष 2019 में सातों सीटों पर चुनाव लड़ी कांग्रेस मात्र पांच विधानसभा क्षेत्रों में ही जीत हासिल कर पाई थी। उसने इस बार की तरह पिछली बार भी चांदनी चौक क्षेत्र के तीन विधानसभा क्षेत्रों में बढ़त मिली थी। कांग्रेस वर्ष 2019 के चुनाव में पांच लोकसभा क्षेत्रों में दूसरे स्थान पर रही थी और वह दो लोकसभा क्षेत्रों में तीसरे स्थान पर पिछ़ड़ गई थी। कांग्रेस मत प्रतिशत के मामले में आम आदमी पार्टी से आगे रही थी।

एक मामले में आप, दूसरे में कांग्रेस रही आगे
लोकसभा चुनाव में कांग्रेस व आम आदमी पार्टी अलग-अलग मामले में एक-दूसरे से आगे रही। तीन लोकसभा क्षेत्र में चुनाव लड़ने वाली कांग्रेस ने आठ विधानसभा क्षेत्राें में बढ़त ली और इस मामले में कांग्रेस का 26.66 प्रतिशत रहा। जबकि आम आदमी पार्टी चार लोकसभा क्षेत्रों में चुनाव लड़ी और इन क्षेत्रों में उसने 10 विधानसभा क्षेत्र में बढ़त ली। बढ़त के मामले में उसका आंकड़ा 25 प्रतिशत रहा। वहीं मत प्रतिशत के मामले में कांग्रेस से आम आदमी पार्टी आगे रही। कांग्रेस का मत प्रतिशत 42.36 रहा, जबकि आम आदमी पार्टी ने 43.87 प्रतिशत प्राप्त किए।

वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के विधानसभा क्षेत्रों में जीत का ब्योरा
क्षेत्र/ भाजपा आप कांग्रेस
चांदनी चौक 07 — 03
उत्तर पूर्वी 06 — 04
पूर्वी दिल्ली 08 —02
नई दिल्ली 07 —03
उत्तर पश्चिमी 09 — 01
पश्चिमी दिल्ली 08 —02
दक्षिण दिल्ली 07 —03

Back to top button