दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने स्कूलों को शुरू करने को लेकर जनता से मांगे सुझाव…

कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में गिरावट आने के बाद दिल्ली में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (आप) सरकार स्कूल खोलने की तैयारी कर रही है। इस बाबत दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने बुधवार दोपहर में प्रेस वार्ता कर लोगों से स्कूलों को शुरू करने को लेकर सुझाव मांगे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में स्कूल और कॉलेज खोले जाएं या नहीं? प्रदेश के लोग इस सम्बन्ध में अपने सुझाव दें।

उन्होंने कहा कि लोग अपने सुझाव ई मेल आइडी [email protected] पर दे सकते हैं। इन सुझावों के आधार पर दिल्ली में स्कूलों को खोलने अथवा आगे बंद रखने का निर्णय लिया जाएगा। दिल्ली के शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि स्कूल खोलने को लेकर छात्र-छात्रांए, अभिभावक, शिक्षक और प्रधानाचार्य अपनी राय दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि [email protected] पर मिले सुझावों के आधार पर दिल्ली में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी सरकार स्कूल खोलने को लेकर फैसला लेगी।
बता दें कि दिल्ली से लगे हरियाणा के गुरुग्राम, फरीदाबाद समेत तमाम जिलों में 16 जुलाई और 23 जुलाई से 2 चरणों में 12वीं तक स्कूल खोल दिए गए हैं। पहले चरण में 16 जुलाई से 9वीं से 12वीं तो 23 जुलाई से 6वीं से 8वीं तक स्कूल खोले गए। हालांकि, ऑफलाइन के साथ ऑनलाइन का ऑप्शन भी रखा गया है। अभिभावकों पर अपने बच्चों का स्कूल भेजने का दबाव भी नहीं है।





