पठानकोट में महिला डॉक्टर की सहायक की दादागिरी… बच्चे का इलाज करने से किया मना, गिरी गाज

पंजाब के पठानकोट सिविल अस्पताल में डेपुटेशन पर तैनात नेत्र रोग विशेषज्ञ चिकित्सक की महिला सहायक की दादगिरी दिखाना भारी पड़ गया। महिला सहायक ने बच्चे की जांच करने से ही मना कर दिया। इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में महिला सहायक बच्चे के परिजनों से बहस भी कर रही है। महिला सहायक उनको कैबिन से बाहर जाने के लिए बोल रही है। इस वीडियो के आधार पर पठानकोट सिविल सर्जन ने एक्शन लेते हुए महिला सहायक की डेपुटेशन कैंसिल कर उसे पठानकोट से गुरदासपुर वापस भेज दिया है।
बच्चे के परिजनों से महिला सहायक द्वारा दुर्व्यवहार किए जाने का वीडियो वायरल होने के बाद सिविल सर्जन डॉ. आदिति सलारिया ने नेत्र रोग विशेषज्ञ की सहायक को ड्यूटी से हटा दिया है। मालूम हो कि डॉक्टर की सहायक ने अस्पताल में बच्चे की जांच करवाने के लिए आई एक महिला के साथ दुर्व्यवहार किया था। वीडियो में महिला अपने बच्चे की जांच न करने का आरोप लगा रही है।
सिविल सर्जन डॉ. अदिति सलारिया के मुताबिक उनके पास एक वीडियो पहुंचा, जिसमें नेत्र रोग विशेषज्ञ की सहायक मरीज के साथ ठीक से बात नहीं कर रही थी। महिला सहायक सीधे तौर पर बच्चे की जांच करने से भी मना कर रही थी। ऐसे में तुरंत एक्शन लेते हुए सहायक की ड्यूटी सिविल अस्पताल से हटा दी है।
उन्होंने उक्त कर्मचारी को सिविल से ड्यूटी समाप्त करने का आदेश जारी कर दिया। वहीं एसएमओ सुनील चंद के मुताबिक मरीजों के साथ दुर्व्यवहार किसी भी स्थिति में साथ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सिविल अस्पताल में स्थायी नेत्र रोग विशेषज्ञ के मातृत्व अवकाश पर होने के चलते गुरदासपुर से डेपुटेशन पर नेत्र रोग विशेषज्ञ व उसकी सहायक की ड्यूटी सिविल अस्पताल में लगाई गई थी। लेकिन, सहायक के मरीजों के प्रति गलत व्यवहार को देखते हुए उच्च अधिकारियों को भी लिखा गया है।