अमेरिका में आए चक्रवाती तूफान, ह्यूस्टन की बाढ़ में फंसे 200 भारतीय छात्र बचाए गए

अमेरिका में आए चक्रवाती तूफान हार्वे के कारण ह्यूस्टन शहर भीषण बाढ़ की चपेट में है। बाढ़ में फंसे ह्यूस्टन यूनिवर्सिटी के 200 भारतीय छात्रों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।cyclonic-storms-in-the-us

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने भारतीय छात्रों के बाढ़ में फंसे होने की जानकारी दी है। क्षेत्र में भारतीय-अमेरिकी समुदाय के लोग छात्रों को भोजन मुहैया करा रहे हैं।

विदेश मंत्री ने कहा है कि दो घायल भारतीय छात्र शालिनी और निखिल भाटिया आइसीयू में भर्ती हैं। सुषमा ने सोमवार को ट्वीट किया, ‘यूनिवर्सिटी ऑफ ह्यूस्टन में पढ़ने वाले 200 भारतीय छात्रों के बाढ़ में फंसने की जानकारी है।

वे चारों तरफ से पानी से घिरे हैं। छात्रों तक खाना पहुंचाने की कोशिश की गई, लेकिन राहत एवं बचाव कार्य में लगे होने के कारण अमेरिकी तटरक्षक बल ने नौका मुहैया नहीं कराई।’

ह्यूस्टन में मौजूद भारत के महावाणिज्य दूत अनुपम रे बचाव अभियान की व्यवस्था में जुटे हैं। भारतीय महावाणिज्य दूत ने कहा है कि सभी भारतीय छात्र सुरक्षित हैं।

ह्यूस्टन में बुधवार तक राहत की उम्मीद नहीं ह्यूस्टन : हार्वे के कारण ह्यूस्टन में बुधवार तक राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। इंजीनियरों ने जलाशयों से पानी छोड़ा है।

इससे ह्यूस्टन में स्थिति और गंभीर होने का अंदेशा है। अधिकारियों ने सोमवार को पानी छोड़े जाने की जानकारी दी है। भारी बारिश से सड़कें नदियों में तब्दील हो चुकी हैं।

देश के चौथे बड़े शहर से करीब 30,000 निवासी अस्थायी रूप से बेघर हो चुके हैं। उन्हें शरण स्थलों पर जाना पड़ रहा है। तूफान से अभी तक हताहतों की सही संख्या का पता नहीं चल पाया है।

इसे भी पढ़े: मार्क जकरबर्ग एक बार फिर बने पिता, फेसबुक पोस्ट के जरिए की घोषणा

अभी केवल दो लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो पाई है। तटीय क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक भयावह स्थिति बने रहने का अनुमान है। पड़ोस के लुसियाना पर भी बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है।

तूफान से हुई तबाही का जायजा लेने के लिए राष्ट्रपति ट्रंप मंगलवार को टेक्सास जाएंगे। राष्ट्रपति ने लुसियाना में आपात स्थिति की घोषणा कर दी है। उन्होंने टेक्सास को केंद्रीय मदद पहुंचाने का निर्देश दिया है।

पुलिस और कोस्ट गार्ड ने भवनों की छतों पर फंसे लोगों को हेलीकाप्टर से निकाल लिया। करीब 2000 लोगों को अभी तक निकाला जा चुका है।

पुलिस ने घरों में फंसे लोगों से बचाव दल को सावधान करने के लिए तौलिया या चादर लटकाने को कहा है। टेक्सास के गवर्नर ग्रेग एबॉट ने प्रांत के नेशनल गार्ड को सक्रिय कर दिया है और पानी बढ़ने से पहले ही लोगों को निकालने को कहा है।

आने वाले दिनों में 15 से 25 इंच बारिश होने का अनुमान जाहिर किया गया है। देश के चौथे बड़े शहर ह्यूस्टन में रिकार्ड 30 इंच वर्षा हो चुकी है।

ह्यूस्टन से करीब 35 मील दक्षिण पश्चिम स्थित फोर्ट बेंड काउंटी से 50,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा गया है।

हार्वे को पिछले छह दशकों में अमेरिका का सबसे ताकतवर तूफान बताया जा रहा है। वर्ष 2005 के कैटरीना तूफान के कारण 1,800 लोगों की मौत हो गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button