लगातार तीसरे दिन भी बॉर्डर पर जारी है फायरिंग, मारे गए कई पाक रेंजर्स

जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान की नापाक हरकत जारी है। पाकिस्तानी सेना बॉर्डर पर लगातार फायरिंग कर रहा है। आज सुबह फिर से पाकिस्तान ने आरएस पुरा और अखनूर में सीजफायर का उल्लंघन किया है।
हालांकि गोलीबारी में किसी नुकसान की खबर नहीं है, वहीं भारतीय सेना भी मुंहतोड़ जवाब दे रही है, सूत्रों के हवाले से खबर है कि भारतीय सेना ने पाकिस्तान के कई रेंजर्स को मार गिराया है।
आपको बता दें कि गुरुवार से पाकिस्तान की तरफ से लगातार फायरिंग की जा रही है। शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय सीमा पर कठुआ के हीरानगर से लेकर एलओसी पर पुंछ तक पाकिस्तान ने गोले बरसाए। इसमें बीएसएफ और सेना के दो जवान शहीद हो गए।
दो नागरिकों की मौत हो गई और दो बीएसएफ जवानों समेत 35 लोग जख्मी हो गए। 20 हजार से अधिक लोगों ने अपने घर छोड़ दिए हैं। 200 से ज्यादा मकानों को क्षति पहुंची है। भारत की करीब 40 चौकियों को निशाना बनाकर पाक ने गोले दागे हैं।





