कांग्रेस ने ताजा हमला करते हुए भाजपा पर लगाया ये आरोप, जानें क्या

कर्नाटक विधानसभा चुनाव की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, सियासी आरोप-प्रत्यारोप बढ़ते जा रहे हैं। कांग्रेस ने ताजा हमला करते हुए आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और उनके परिवार को खत्म करने की साजिश रच रही है। बेंगलुरु में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस के कर्नाटक के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने यह आरोप लगाया है।

सुरजेवाला ने कहा, “भाजपा नेता अब मल्लिकार्जुन खड़गे और उनके परिवार की हत्या की साजिश रच रहे हैं।” किसी का नाम लिए बगैर सुरजेवाला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘चहेते लड़के’ पर मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाया है।

उन्होंने कहा, ”बीजेपी इस बात को पचा नहीं पा रही है कि खड़गे का जन्म एक दलित परिवार में हुआ था। पीएम मोदी ने मल्लिकार्जुन खड़गे का मजाक उड़ाया। बीजेपी विधायक मदन दिलावर ने खड़गे के लिए मृत्यु की कामना की है। बीजेपी की हताशा खतरनाक स्तर पर पहुंच चुकी है। यह हर कन्नडिगा के सम्मान और जीवन पर हमला है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई, कर्नाटक पुलिस और चुनाव आयोग सभी इस पर मौन हैं।”

आपको बता दें कि कर्नाटक विधानसभा के सभी 224 सीटों पर 10 मई को वोट डाले जाएंगे।

Back to top button