मध्य प्रदेश की महिला के साथ छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में हुआ सामूहिक दुष्कर्म, पढ़े पूरी ख़बर

मध्य प्रदेश के कोतमा से अंबिकापुर में काम ढूंढ़ने आई महिला के साथ रविवार को सामूहिक दुष्कर्म की वारदात सामने आई है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि रविवार रात को बस स्टैंड से ई-रिक्शा में ले जाकर पास के गांव में चार युवकों ने महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। महिला सोमवार को सुबह अंबिकापुर पहुंची और घटना की रिपोर्ट कोतवाली थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने दोपहर बाद तत्काल दो संदिग्धों को हिरासत में ले लिया। दो अन्य आरोपी अभी फरार बताए जाते हैं। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के कोतमा की रहने वाली महिला अपने पति के साथ विवार को दुर्ग-अंबिकापुर ट्रेन में सवार होकर अंबिकापुर पहुंची थी। दोनों रोजगार की तलाश में अंबिकापुर आए थे। दोनों ने मजदूरी के लिए दिनभर कोशिश की, लेकिन उन्हें काम नहीं मिला। उनके पास खाने और वापस जाने के लिए भी पैसे नहीं बचे थे। दोनों देर शाम अंबिकापुर के अंतर्राज्यीय प्रतीक्षा बस स्टैंड पर पहुंचे। पैसों का इंतजाम करने के लिए महिला ने अपना मोबाइल बेचने का फैसला किया। वह मोबाइल बेंचने के लिए ग्राहक तलाशने लगी। इस दौरान ई-रिक्शा में सवार होकर तीन युवक पहुंचे। 

ई-रिक्शा में पहुंचे युवकों ने महिला को झांसा दिया कि वे उसका मोबाइल बिकवा देंगे। दो युवक उसके पति को बहाने से महिला से दूर ले गए। एक युवक ने महिला को यह कहते हुए ई-रिक्शा में बैठा लिया कि वह मोबाइल खरीदने वाले के पास ले जाएगा और उसे वापस बस स्टैंड छोड़ देगा। उनके झांसे में आकर महिला उसके साथ ई-रिक्शा में रवाना हो गई। ई-रिक्शा सवार युवक महिला को बैठाकर करजी ले गए। इस पर महिला को आशंका हुई, लेकिन युवकों यह बताकर महिला को शांत करा दिया कि वे शहर के पास ही हैं।

चार युवकों ने महिला को करजी में एक सूने घर में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। महिला को युवकों ने जान से मारने की धमकी दी। सुबह उसे करजी से किसी वाहन में बैठाकर युवक फरार हो गए। महिला ने अंबिकापुर पहुंच कर पति को घटना की जानकारी दी। बस स्टैंड के पुलिस सहायता केंद्र के प्रभारी अभिषेक पांडेय के समक्ष पहुंचकर महिला ने आपबीती बयां की। महिला को लेकर पुलिस टीम कोतवाली पहुंची और घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने आनन-फानन में आरोपियों की खोजबीन शुरू की। पुलिस ने दो संदिग्ध आरोपियों चंदन एवं गोलू को हिरासत में ले लिया है। दोनों की उम्र 19 से 21 वर्ष के बीच बताई जा रही है। पुलिस दो अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। सरगुजा एसपी भावना गुप्ता ने मामले की पुष्टि की है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Back to top button