अभी और सताएगी ठंड, उत्तर प्रदेश-दिल्ली समेत इन राज्यों में कोल्ड-डे का रेड अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले पांच दिनों तक उत्तर भारत में घने से बहुत घने कोहरे बने रहने की भविष्यवाणी की है। 21 से 24 जनवरी के दौरान पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के कई हिस्सों में गंभीर शीत लहर चलने की संभावना है। वहीं, आज (21 जनवरी) की सुबह तक उत्तर प्रदेश और बिहार के कुछ हिस्सों में और अगले 3 दिनों तक अलग-अलग हिस्सों में घने से बहुत घने कोहरे की स्थिति बनी रहने की संभावना है।

पहाड़ी क्षेत्रों की बात करें तो उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में आज ठंडे दिन से लेकर गंभीर ठंडे दिन रहने की संभावना है। आज सुबह 6 बजकर 30 मिनट के बीच दिल्ली में शीत लहर और कोहरे की एक पतली परत छाई रही। इस बीच देश के कई हिस्सों में कोहरे के कारण कई उड़ानें देरी से चल रही हैं और कुछ उड़ानें रद्द हो गई हैं। मौसम विभाग ने रविवार और सोमवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

उत्तर भारत में शीत लहर और घना कोहरा जारी
पंजाब, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिम राजस्थान और उत्तरी मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में शीत लहर की स्थिति दर्ज की गई है। पंजाब, हरियाणा के अधिकांश हिस्सों और पूर्वी राजस्थान और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में घना से बहुत घना कोहरा छाया हुआ है।

पूर्वानुमान में अगले चार दिनों तक पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के कई हिस्सों में देर रात और सुबह के दौरान घने से बहुत घने कोहरे की स्थिति जारी रहने की भविष्यवाणी की गई है। अगले तीन दिनों तक उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में और 23 जनवरी तक उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों में इसी तरह कोहरा छाए रहने की संभावना है।

पूर्वी भारत में घटेगा तापमान
अगले तीन दिनों में पूर्वी भारत के कई हिस्सों में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जाने की उम्मीद है।अगले पांच दिनों तक उत्तर भारत में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव की उम्मीद नहीं है। 21-22 जनवरी को शीत लहर की स्थिति जारी रहने की संभावना है।

इसके अलावा, 21 जनवरी तक पश्चिमी राजस्थान और 20-21 जनवरी को पूर्वी राजस्थान में शीत लहर की स्थिति होने की संभावना है। 21 जनवरी तक उत्तराखंड में अलग-अलग स्थानों पर पाला पड़ने की भी संभावना है।

Back to top button