Coal India में कुल कितने लोग काम करते हैं, क्या है सैलरी?

कोल इंडिया की सब्सिडियरी कंपनी भारत कुकिंग कोल इंडिया का IPO चर्चा में हैं। ऐसे में हम आपको देश की ऊर्जा जरूरतों की रीढ़ मानी जाने वाली कोल इंडिया (Coal India Limited) के बारे में बता रहे हैं, जो कोयला उत्पादन, रोजगार के मामले में आगे है। ये कंपनी आज भी भारत की सबसे बड़ी सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों (PSU) में से एक बनी हुई है। हम आपको बताएंगे कि कोल इंडिया में कितने कर्मचारी काम करते हैं। वहां कैसे नौकरी मिलती है और आप कैसे अप्लाई कर सकते हैं?
कोल इंडिया ने FY 2024-25 में कुल 781.06 मिलियन टन (MT) कोयले का उत्पादन किया, जबकि 762.98 MT कोयले की आपूर्ति (Offtake) दर्ज की गई। यह भारत के कुल कोयला उत्पादन का लगभग 74 प्रतिशत है, जो देश की ऊर्जा सुरक्षा में कोल इंडिया की अहम भूमिका को दिखाता है। इसके अलावा कंपनी ने 2.42 MT washed coking coal का भी उत्पादन किया। धुला हुआ कोयला एक ऐसी प्रक्रिया है जिससे राख, सल्फर और अन्य अवांछित पदार्थों जैसी अशुद्धियों को हटाकर कोयले की गुणवत्ता में सुधार किया जाता है।
कोल इंडिया के पास कितनी खदाने हैं?
कंपनी का संचालन देश के आठ राज्यों में फैला हुआ है। वर्तमान में Coal India की 310 खदानें सक्रिय हैं, जिनमें 168 ओपनकास्ट खदानें, 129 अंडरग्राउंड खदानें, 13 मिक्स्ड खदानें शामिल हैं। ये खदानें झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और असम में स्थित हैं।
कोल इंडिया में कितने कर्मचारी?
कोल इंडिया (Coal India) की नई सालाना रिपोर्ट के मुताबिक 2,20,272 कर्मचारी हैं। कंपनी को लंबे समय से दुनिया के सबसे बड़ी कर्मचारियों वाली कंपनियों में गिना जाता रहा है। प्रशिक्षण पर भी विशेष जोर दिया गया है, जिसके तहत 7,33,941 ट्रेनिंग मैन-डे दर्ज किए गए।
GATE के जरिए 640 नई भर्तियां
Coal India ने युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खोलते हुए GATE 2024 के माध्यम से 640 मैनेजमेंट ट्रेनी (MT) की भर्ती की है। इंजीनियरिंग, आईटी, फाइनेंस, HR, जियोलॉजी, एनवायरनमेंट और मार्केटिंग जैसे कई विषयों में यह भर्ती की गई।
कोल इंडिया में कितनी मिलती है सैलरी?
चयनित उम्मीदवारों को प्रशिक्षण अवधि के दौरान E1 ग्रेड में रखा जाता है, जिसमें ₹16,400 से ₹40,500 की सैलरी दी जाती है। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद E2 ग्रेड में नियमित नियुक्ति दी जाती है, जहां सैलरी ₹20,600 से ₹46,500 हो जाती है। इसके अलावा DA, HRA, मेडिकल, पेंशन, ग्रेच्युटी और अन्य कई सुविधाएं भी मिलती हैं।
कोल इंडिया में नौकरी के लिए कैसे करें आवेदन?
केवल कोल इंडिया की ऑनलाइन आवेदन प्रणाली के माध्यम से ही आवेदन करना होगा । आवेदन करने के लिए, हमारी वेबसाइट www.coalindia.in के ‘CIL में करियर’ अनुभाग पर जाएं।
कोल इंडिया में भारत सरकार की कितनी हिस्सेदारी?
Coal India में भारत सरकार की हिस्सेदारी 63.13 प्रतिशत है। शेष शेयर संस्थागत और खुदरा निवेशकों के पास हैं। कंपनी को महारत्न PSU का दर्जा प्राप्त है, जो सार्वजनिक क्षेत्र में सर्वोच्च श्रेणी मानी जाती है।





