CM योगी ने पूछा, गोविंद नगर की लड़की का क्या मामला है

उत्तर प्रदेश में कानपुर के गोविंदनर की लड़की का मामला ऐसा सुर्खियों में छाया कि बात सीएम योगी तक जा पहुंची। मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने खुद एसएसपी सोनिया सिंह से पूछा कि ये गोविंद नगर की लड़की का क्या मामला है?

एसएसपी ने कहा कि सर, लड़की के अपहरण की शिकायत है। प्रथम दृष्ट्या जांच में निकला है कि वह लड़की बालिग है। वह अपनी मर्जी से लड़के के साथ गई है। दरअसल, गुरुवार को मुख्यमंत्री ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये अफसरों से एकीकृत समन्वित शिकायत प्रणाली (आईजीआरएस) के तहत शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने 14 जिलों के डीएम और एसएसपी से सीधे शिकायतों के निस्तारण पर बातचीत की।
कानपुर का नंबर आते ही उन्होंने एसएसपी से सवाल शुरू कर दिए। आईजीआरएस में कानपुर पुलिस की चार शिकायतों की पेंडेंसी थी। इस पर उन्होंने बारी-बारी से चारों शिकायतों के निस्तारण का अपडेट लिया। जमीन खरीदने के एक मामले पर एसएसपी से पूछा कि पीड़ित को पैसा क्यों नहीं दिया जा रहा? इस पर एसएसपी ने कहा कि सात साल पहले जमीन की खरीद-फरोख्त हुई थी। उस समय भुगतान कर दिया गया था।
अब शिकायतकर्ता जमीन का कम पैसा देने का आरोप लगाकर अतिरिक्त भुगतान मांग रहा है। सर, अब सात साल बाद अतिरिक्त पैसा कैसे दिलवाया जा सकता है। जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री ने शिकायतों का निस्तारण पारदर्शी ढंग से करने का आदेश दिया है। यह भी कहा कि तय समय में शिकायतों का निस्तारण किया जाए। समय से शिकायतों का निस्तारण न करने वाले अफसरों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। कानपुर की शिकायतों के निस्तारण की स्थिति पर मुख्यमंत्री ने संतोष जताया।





