CM के लिए अखिलेश के बोल…बाबा जी को लैपटॉप चलाना ही नहीं आता, खनन और स्मारक घोटाले पर कही ये बात

खनन घोटाले में चल रही ईडी की जांच पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार चाहे जितनी जांचें करा ले, असली जांच तो अब चुनाव में जनता करेगी और भाजपा को सबक सिखाएगी। बजट पर कहा कि केंद्र सरकार ने सिर्फ जनता को धोखा देने का काम किया है। बजट के नाम पर सिर्फ आंकड़ेबाजी की गई है। ये बातें उन्होंने यूपी के कन्नौज जिले में कहीं। वह सपा नेता गुड्डू सक्सेना की मां के निधन पर चौहट्टा स्थित उनके आवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने आए थे। CM के लिए अखिलेश के बोल...बाबा जी को लैपटॉप चलाना ही नहीं आता, खनन और स्मारक घोटाले पर कही ये बात

सत्तारूढ़ सरकार पर निशाना साधते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सरकार ने विकास का जो रास्ता दिखाया था, मौजूदा सरकार उसमें रोड़ा अटका रही है। बजट के बाबत कहा कि सरकार ने पहले यूरिया की बोरी का वजन कम किया और अब किसानों को सौगात देने की बात कह रही है। बजट से किसान, गरीब, युवा और मध्य वर्ग को निराशा हाथ लगी है।

लोकसभा चुनाव पर रणनीति के सवाल पर कहा कि अभी वह कुछ नहीं बोलेंगे। चुनाव में ही रणनीति को सामने रखेंगे। सपा-बसपा के बीच सीटों के बंटवारे पर कहा कि पहले भाजपा अपना प्रत्याशी तय करे, फिर हम भी तय करेंगे कि कौन-सी सीट से कौन चुनाव लड़ेगा।

पहले खनन और फिर स्मारक घोटाले की शुरू हुई जांच के बारे में कहा कि उनकी (भाजपा) सरकार है, जांच करा लें, असली जांच तो लोकसभा चुनाव में जनता करेगी। शहर के एक बिजली उपभोक्ता को 23 करोड़ का बिजली का बिल भेजने पर भी तंज कसा, कहा कि मजबूत दिल होने से अच्छा हुआ उसे (उपभोक्ता) अटैक नहीं पड़ा।

योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने नवजवानों को मोबाइल तो दिया, लेकिन सपने देखने के लिए। उन सपनों को पूरा करने के लिए आज तक कुछ नहीं किया गया। सपा सरकार में तो लैपटॉप बांटे गए थे। बाबा जी (सीएम) को तो लैपटॉप चलाना ही नहीं आता। इसके बाद अखिलेश ने कहा कि जितने लैपटॉप हमने बांटे हैं किसी भी घर में जाकर देख लीजिए उससे बड़ा लैपटॉप दिया हो तो बता दो।

Back to top button