CM कमलनाथ की मौजूदगी में 100 से ज्यादा भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस में हुए शामिल, पढ़े पूरी खबर

सीएम कमलनाथ कांतिलाल भूरिया के पक्ष में कल्याणपुरा में सभा को संबोधित करने पहुंचे। सीएम कमलनाथ के सामने 100 से ज्यादा भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस में शामिल हो गए। कमलनाथ ने उन्हें कांग्रेस का दुपट्टा पहनाकर सदस्यता दिलवाई। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हमने आठ महीने में नीति और नियत का परिचय दिया है। आज के नौजवान झाबुआ का विकास करेंगे। हमने तो अपना जीवन बिना बिजली और पानी के काट दिया था, लेकिन नौजवान इसे बदल देंगे। उन्होंने कहा कि यह सोचना होगा कि आप किसके हाथों में अपना भविष्य सौपना चाहते हैं। 19 अक्टूबर की शाम 5 बजे जाकर प्रचार थमेगा। इसके बाद बाहरी तत्वों को भी विधानसभा से जाना होगा।

फलियों में बांट दिया क्षेत्र को

कांग्रेस-भाजपा के बीच इस चुनाव में मुख्य टसल जारी है। उसका असर यह है कि मतदान केंद्र नहीं बल्कि विधानसभा को फलियों यानि मोहल्लों के बीच दोनों दलों ने विभाजित कर दिया है। दावे किए जा रहे हैं कि कार्यकर्ता फलियों में जाकर प्रचार कर रहे हैं। हालांकि यह सतह पर कहने के लिए अच्छा है लेकिन यहां की भौगोलिक परिस्थितियां इतनी सहज नहीं है कि हर कार्यकर्ता इतने अंदर तक पहुंच जाए।

चल पड़ा शिकायतों का दौर

प्रदेश में एकमात्र सीट पर उपचुनाव होने से मुख्य फोकस ही झाबुआ पर आकर थम गया है। इस चक्कर में यहां शिकायतें भी लगातार हो रही है। पहले भाषणों को लेकर दोनों पक्षों के अपने-अपने तर्क चले। फिर थाने में एफआईआर हुई थी। अब ताजी शिकायत एक पोस्टर को लेकर हुई है। शिकायत यह है कि पोस्टर में एक वोट से केबिनेट मंत्री बनाने का कहा गया है। पोस्टर की प्रमाणिकता को लेकर भी स्थिति अस्पष्ट है। फिर भी पिछले दो दिनों से इस मामले में जांच चल रही है। माना जा रहा है कि अब शिकायतों की संख्या बढेगी।

यह है खास

7 विद्युत वितरण केंद्रों पर नजर

झाबुआ विधानसभ उपचुनाव को देखते हुए विद्युत व्यवस्था बनाए रखने के लिए विद्युत वितरण कंपनी ने 7 वितरण केंद्रों पर निगाहें रखी हुई है। एक सरकारी आदेश निकालते हुए सभी केंद्रों पर एक वाहन के साथ चालक नियुक्त कर दिया गया है। वाहन चालक के मोबाइल नंबर भी आदेश में दर्शाए गए हैं। कहीं भी विद्युत वितरण व्यवस्था गडबडाती है तो तत्काल वाहन वहां पहुंचेगा। झाबुआ शहर, बिलिडो, बन, रानापुर, तलावली, पिटोल व कल्याणपुरा सब स्टेशन पर ड्यूटी लगाई गई है।

भाजपा ने क्षेत्र को 25 सेक्टरों में बांटा

प्रदेश भाजपा की ओर से संगठन मंत्री सुहास भगत यहां ताकत के साथ लगे हुए हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह लगातार आ रहे हैं। झाबुआ विधानसभा को भाजपा ने 25 सेक्टर में विभाजित किया है। बताया जा रहा है कि भाजपा की रणनीति अब बडी सभा करने की नहीं है। 25 सेक्टर में तैनात कार्यकर्ताओं को भी अब अपने मूल स्थान पर डटे रहने का कह दिया गया है। चुनावी व्यूह रचना यह है कि राकेश सिंह व पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान स्वयं सेक्टरों में जाकर छोटी सभाएं करेंगे। उधर कांग्रेस ने छिंदवाडा की तर्ज पर कमलनाथ के निर्देश पर क्षेत्रीय कांग्रेस बना रखी हैं। मौटे तौर पर 6 झोन में विधानसभा को विभाजित कर रखा है। हर झोन का जिम्मा एक मंत्री को दे रखा है। सहयोगी के रूप में दो या तीन विधायक व अन्य कार्यकर्ता भी दिए हैं। हर बूथ की बैठक भी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button