ताइवान में घुसे चीनी फाइटर… 21 सैन्य विमान समेत 11 नौसैनिक ने लगाए चारों ओर चक्कर

ताइवान के राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को दावा कि उसने अपने क्षेत्र के पास 21 चीनी सैन्य विमानों, 11 चीनी नौसैनिक जहाजों और चार चीनी तट रक्षक जहाजों को ट्रैक किया है। चीन की सेना ने रविवार सुबह 6 बजे (स्थानीय समय) से सोमवार सुबह 6 बजे (स्थानीय समय) तक ताइवान की सीमा पर चारों ओर चक्कर लगाए।

ताइवान के MND के अनुसार, इन 21 चीनी सैन्य विमानों में से 10 ताइवान के दक्षिण-पश्चिमी और दक्षिण-पूर्वी वायु रक्षा पहचान क्षेत्र (ADIZ) में घुस गए। चीन के गतिविधियों को देखते हुए ताइवान के सशस्त्र बलों ने नौसेना के जहाजों और तटीय मिसाइलों को तैनात किया है।

10 चीनी विमान ताइवान के रक्षा पहचान क्षेत्र में घुसे
ताइवान के MND ने सोशल मीडिया X पर शेयर कर लिखा, ‘ताइवान के आसपास 21 PLA विमान, 11 PLAN जहाज और 4 CCG जहाज आज सुबह 6 बजे तक देखे गए। इसमें से 10 विमान ताइवान के दक्षिण-पश्चिमी और दक्षिण-पूर्वी ADIZ में घुस गए। ROC सशस्त्र बलों ने स्थिति पर नजर रखी हुई है और गतिविधियों के जवाब में CAP विमान, नौसेना के जहाज और तटीय मिसाइल प्रणालियों को तैनात किया गया है।’

इससे पहले शनिवार को ताइवान के आस-पास सात चीनी सैन्य विमान और 10 चीनी नौसैनिक जहाजों को देखा गया था। इसमें सात पीएलए विमान, 14 पीएलएएन जहाज और चार चीन तटरक्षक (सीसीजी) जहाज शामिल थे।बता दें कि ताइवान के राष्ट्रपति के रूप में लाई चिंग-ते के शपथ ग्रहण के कुछ दिनों बाद, चीन ने गुरुवार को दो दिवसीय सैन्य अभ्यास शुरू किया था।

ताइवान पर चीन का नियंत्रण
ताइवान पर कभी नियंत्रण न होने के बावजूद, चीन की सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी इसे अपने क्षेत्र का हिस्सा मानती आई है। चीन ने भी इस बात की पुष्टि की है कि उसने गुरुवार को सुबह 7.45 बजे (स्थानीय समयानुसार) ताइवान के आस-पास के इलाकों में सेना, नौसेना, वायु सेना और रॉकेट बल को शामिल करते हुए संयुक्त सैन्य अभ्यास शुरू किया।

Back to top button