हरियाणा के मुख्यमंत्री ने दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से की मुलाकात..

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सोमवार रात दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच खिलाड़ियों के धरने से लेकर बीजेपी-जेजेपी के बीच गठबंधन की तकरार को लेकर विस्तार से बात हुई।

हरियाणा में भाजपा व जजपा गठबंधन को लेकर चल रही तकरार और खिलाड़ियों के आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सोमवार रात को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की है। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के आंदोलन का हल निकालने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री से हस्तक्षेप करने का अनुरोध करते हुए कुछ जरूरी सुझाव दिए हैं।

कर्नाटक चुनाव से पहले मनोहर लाल की अमित शाह से हुई इस मुलाकात को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस संभावना से भी इन्कार नहीं किया जा सकता कि कर्नाटक नतीजों के बाद राज्य में राजनीतिक उठापटक हो सकती है। आम चर्चा है कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल अपने मंत्रिमंडल में बदलाव कर सकते हैं। शाह ने सीएम मनोहर लाल को पूरी टीम के साथ मिशन-2024 की तैयारी में जुट जाने को कहा है

बता दें कि हरियाणा मंत्रिमंडल की विशेष बैठक के बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल सोमवार को दिल्ली के लिए रवाना हो गए थे। राजनीतिक गलियारों में चर्चा थी कि उनकी भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात होगी, लेकिन नई दिल्ली स्थित हरियाणा भवन से निकली मुख्यमंत्री की गाड़ी गृह मंत्रालय की ओर बढ़ी तो स्थिति स्पष्ट हुई। मुख्यमंत्री के साथ राज्यसभा सदस्य कार्तिकेय शर्मा भी बताए जाते हैं, लेकिन राजनीतिक मुद्दों पर बातचीत सिर्फ मनोहर लाल और अमित शाह के बीच ही हुई है।

45 मिनट तक हुई बात

मुख्यमंत्री मनोहर लाल करीब 45 मिनट तक गृह मंत्रालय में रहे। बताया जाता है कि नई दिल्ली में जंतर-मंतर पर चल रहे खिलाड़ियों के आंदोलन की राजनीति के साथ-साथ भाजपा व जजपा के बीच चुनावी गठबंधन पर मनोहर लाल की अमित शाह के साथ चर्चा हुई है। खिलाड़ियों का आंदोलन पूरी तरह से राजनीतिक रूप ले चुका है। भाजपा चाहती है कि इस आंदोलन पर विराम लगना चाहिए।

बीजेपी-जेजेपी में तकरार

दूसरी तरफ, हरियाणा में भाजपा व जजपा के बीच सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। भाजपा इस गठबंधन को चुनावी गठबंधन नहीं बल्कि पांच साल तक सरकार चलाने के लिए मजबूरी का गठबंधन मानती है। जजपा नेता इसे सरकारी और चुनावी दोनों तरह के गठबंधन के रूप में पेश करते हैं। भाजपा का एक बड़ा वर्ग चाहता है कि अगले चुनाव अकेले लड़े जाएं, जबकि जजपा की चाह भाजपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ने की है।

इस मुद्दे पर अब भाजपा व जजपा दोनों तरफ से खुलकर बयानबाजी होने लगी है। चर्चा है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से गठबंधन के भविष्य पर मनोहर लाल की चर्चा हुई है, जिसे सकारात्मक बताया जा रहा है। साथ ही खिलाड़ियों के आंदोलन को खत्म कराने के लिए बीच का रास्ता निकालने पर मुख्यमंत्री ने अपने सुझाव दिये हैं।

शहरी निकायों में बीसी-ए वर्ग को आरक्षण पर शाह खुश

केंद्रीय गृह मंत्री से मनोहर लाल की मुलाकात के बाद मंत्रिमंडल में बदलाव की अटकलें जन्म न लें, ऐसा हो नहीं सकता। चर्चा है कि कर्नाटक चुनाव के नतीजों के बाद राज्य मंत्रिमंडल में कुछ बदलाव हो सकता है। केंद्रीय गृह मंत्री को मुख्यमंत्री ने राज्य में चल रही नई विकास परियोजनाओं के साथ ही पंचायतों की तरह शहरी निकायों में भी बीसी-ए वर्ग को आरक्षण देने के फैसले की जानकारी दी। अमित शाह ने मनोहर लाल को फ्रीहेंड देते हुए सांसदों, मंत्रियों व विधायकों को केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार के निर्देश देने को कहा है, ताकि मिशन 2024 को जीतने में आसानी हो सके।

अमित शाह से मुलाकात के बाद बिप्लब देब से भी मनोहर चर्चा

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ हुई मुलाकात के बाद नई दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में मुख्यमंत्री मनोहर लाल की भाजपा प्रभारी बिप्लब कुमार देब से लंबी वार्ता हुई है। बताया जाता है कि सरकार और संगठन के मुद्दों पर चर्चा के साथ ही मुख्यमंत्री के जनसंवाद कार्यक्रमों, सांसदों के प्रवास, प्रदेश अध्यक्ष व प्रभारी के दौरों पर विस्तार से चर्चा हुई है। मुख्यमंत्री अब लोकसभा स्तर की बैठकें भी ले रहे हैं। केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने भी मुख्यमंत्री से हरियाणा भवन में मुलाकात की।

मंगलवार सुबह को नई दिल्ली में सिरसा के हलोपा विधायक एवं पूर्व गृह राज्य मंत्री गोपाल कांडा ने मुलाकात की। मुख्यमंत्री 13 से 15 मई तक सिरसा जिले के दौरे पर हैं, जहां वह रानियां, कालांवाली व डबवाली विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करेंगे। गोपाल कांडा ने सिरसा जिले की विकास परियोजनाओं पर चर्चा की और मुख्यमंत्री से सिरसा व ऐलनाबाद विधानसभा क्षेत्रों के लिए अलग दौरे का कार्यक्रम बनाने का अनुरोध किया, जिस पर मुख्यमंत्री ने उन्हें जल्दी कार्यक्रम घोषित करने का भरोसा दिलाया है।

Back to top button