बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज रांची में झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन से करेंगे मुलाकात

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज रांची दौरे पर रहेंगे। उनकी झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन से मुलाकात होगी। मोतिहारी के सुगौली में हॉरर किलिंग का मामला सामने आया है, प्रेम प्रसंग में किशोर और किशोरी की हत्या कर दी गई। मुजफ्फरपुर में आज सुबह एक बेकाबू ट्रक ने सड़क किनारे सो रहे चार लोगों को रौंद दिया, जिसमें से 3 की मौके पर ही मौत हो गई। डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव आज कैमूर जिले के दौरे पर रहेंगे, इस दौरान वे मुंडेश्वरी देवी के दर्शन के लिए जाएंगे। मौसम विभाग ने पटना, भागलपुर समेत 13 जिलों में आज हीटवेव का अलर्ट जारी किया है।

सीएम नीतीश कुमार बुधवार को झारखंड की राजधानी रांची पहुंचेंगे। रांची एयरपोर्ट पर जेडीयू नेता और कार्यकर्ता उनकी अगवानी करेंगे। इसके बाद नीतीश का झारखंड सीएम हेमंत सोरेन से मुलाकात का कार्यक्रम है। इस मीटिंग में किस मुद्दे पर बात होगी, इसका पता मुलाकात के बाद दोनों नेताओं की प्रेस कॉन्फ्रेंस में ही चल पाएगा। एक दिन पहले ही सीएम नीतीश ओडिशा गए थे और वहां के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से मुलाकात थी। हालांकि, मीडिया से बातचीत में दोनों नेताओं ने इसे महज दोस्ताना मुलाकात बताया और राजनीतिक चर्चा होने से इनकार कर दिया।

माना जा रहा है कि नीतीश कुमार और हेमंत सोरेन के बीच 2024 की मोर्चेबंदी को लेकर विस्तार से चर्चा हो सकती है। नीतीश कुमार इससे पहले कांग्रेस, AAP, सपा, टीएमसी, वाम दल जैसी पार्टियों के नेताओं से मिलकर विपक्षी एकजुटता पर चर्चा कर चुके हैं। इसी महीने पटना में देश भर के विपक्षी दलों के नेताओं की बड़ी बैठक आयोजित होने की संभावना है। इसमें बीजेपी के खिलाफ मजबूत मोर्चेबंदी की नींव रखी जा सकती है। नीतीश कुमार झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलकर उन्हें पटना में प्रस्तावित बैठक में आने का न्योता दे सकते हैं।

मुंबई में शरद और उद्धव से मिलेंगे नीतीश
सीएम नीतीश कुमार विपक्षी एकजुटता के लिए देश भर के नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। इस सिलसिले में गुरुवार को वे मुंबई जाएंगे। यहां उनकी शरद पवार और उद्धव ठाकरे से मुलाकात होगी। दोनों नेता पहले ही नीतीश की मोर्चेबंदी की पहल पर सकारात्मक रुख दिखा चुके हैं। 

Back to top button