चक्रपाणि ने CM योगी को बनाया निशाना और कहा- UP की जनता पर थोपे हुए मुख्यमंत्री
मुजफ्फरनगर। अखिल भारत हिंदू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चक्रपाणि महाराज ने आज योगी आदित्यनाथ पर करारा हमला किया और कहा कि योगी जनता पर थोपे गए मुख्यमंत्री हैं। वह दूसरे प्रदेश (उत्तराखंड) के हैं। यूपी के लोगों का दर्द नहीं समझ पाएंगे। वह आज मुजफ्फरनगर होते हुए मेरठ के मोदीपुरम पहुंचे। मुजफ्फरनगर में उनका निशाना डान दाऊद इब्राहीम रहा। वह बोले पहले अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद की कार नीलामी में छुड़ाई और उसे आग के हवाले किया। अब उसका मकान लेकर उस पर दाऊद सुलभ शौचालय बनाएंगे। 
गोरक्षा कानून बनाने में इच्छाशक्ति की कमी
चक्रपाणि ने केंद्र व प्रदेश सरकार में श्रीराम मंदिर निर्माण और गोरक्षा कानून बनाने को इच्छाशक्ति की कमी बताया। उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों मुंबई में अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम की संपत्ति की निलामी के दौरान बिकी हुई उसकी कार को गाजियाबाद में हंगामे के बीच सरेआम जला दिया गया था। यह कार स्वामी चक्रपाणि ने खरीदी थी। कार को जलाने से पहले एसपी ने प्रदर्शनकारियों को ऐसा करने से रोक दिया था जिसके बाद हंगामा हो गया था।
पत्थरबाजों को छोड़ना विश्वासघात
शनिवार को मुजफ्फरनगर के संभलहेड़ा में पत्रकारों से उन्होंने कहा कि जब भाजपा सत्ता में आती है तो वह भ्रमित हो जाती है। जिन्ना की तस्वीर नहीं हट पा रही है। भारत विश्व का सबसे बड़ा गोमांस निर्यातक देश हो गया, ऐसा सोचा भी नहीं था। आतंकवाद पर उन्होंने कहा कि कश्मीर में पीडीपी की सरकार ने 11 हजार पत्थरबाजों को छोड़ दिया, यह देश के साथ विश्वासघात है। कश्मीरी पंडितों को बसाया नहीं गया। इससे दुर्भाग्यपूर्ण और कुछ नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि आगामी नौ अगस्त को दाऊद इब्राहिम के मकान की नीलामी होगी। उसे खरीदकर सुलभ शौचालय बनाया जाएगा।





