लखनऊ: मध्य कमान हॉस्पिटल ने रचा एक नया इतिहास

लखनऊ. उत्तर प्रदेश में लखनऊ छावनी स्थित मध्य कमान अस्पताल के नेत्र चिकित्सा विभाग ने पहली बार ‘विटेओ रेटिनल सर्जरी’ में सफलता हासिल कर अस्पताल के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ दिया है. अस्पताल के एक प्रवक्ता ने बताया कि डाक्टरों को एक सेवारत जवान की 65 वर्षीय मां की नेत्र सर्जरी में यह सफलता मिली है. मरीज में रेटिनल डिटैचमेन्ट के बढ़ते प्रभावों के मद्देनजर अंधापन से बचाने के लिए सर्जरी बहुत जरूरी थी. इस सर्जरी में अत्याधुनिक विटेक्टोमी मशीन को उपयोग में लाया गया. बता दें कि यह मशीन अभी हाल ही में स्थापित की गई है.
अस्पताल का नेत्र विभाग अब आंखों से जुड़े सभी मामलों जैसे रेटिनल डिटैचमेन्ट, मेक्यूलर होल, विट्स आघात एवं डायबेटिक रेटिनोपैथी की चिकित्सा में पूरी तरह से सक्षम हो गया है. अभी तक इन नेत्र समस्याओं के मामले में मरीज को नई दिल्ली स्थित सेना अस्पताल आर एण्ड आर या फिर सिविल अस्पताल में रेफर किया जाता था.
योगी ने लॉन्च किया अमेरिकी पुलिस जैसा पहला स्मार्ट बाइक दस्ता
कमान अस्पताल की सेनानायक मेजर जनरल विभा दत्ता के दिशा निर्देशन में इस अस्पताल ने आधुनिकीकरण के क्षेत्र में ‘सॉफ्ट स्किल’ पर ज़ोर देते हुए एक नया आयाम स्थापित किया है. इस अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा एवं नेत्र चिकित्सा से जुड़ी सुविधाओं का लाभ मध्य कमान के तहत आने वाले क्षेत्रों के सेवारत सैनिकों एवं भूतपूर्व सैनिकों सहित उनके आश्रितों को मिलेगा.





