कैंब्रिज एनालिटिका के CEO अलेक्जैंडर निक्स निलंबित

यूजरों की निजी जानकारी के दुरुपयोग मामले में कैंब्रिज एनालिटिका के सीईओ अलेक्जैंडर निक्स को निलंबित कर दिया गया है। ब्रिटिश एजेंसी कैंब्रिज एनालिटिका पर फेसबुक के जरिये यूजरों का डाटा हासिल कर अनुचित तरीके से उसका इस्तेमाल अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में करने का आरोप है। अमेरिका समेत कई देशों में यह मामला तूल पकड़ने के बाद कैंब्रिज एनालिटिका के निदेशक मंडल ने निक्स को निलंबित करने का फैसला लिया।

दूसरी तरफ, निक्स ने अपने निलंबन को गलत बताया है। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ कोई साक्ष्य नहीं हैं। कानूनी रूप से भी कोई मामला नहीं चल रहा है। इस पर कैंब्रिज एनालिटिका ने कहा कि निक्स के बयान कंपनी के मूल्यों का प्रतिनिधित्व नहीं करते। उनका निलंबन इस बात का प्रतीक है कि हम नियमों के इस उल्लंघन मामले में कितने गंभीर हैं।

कंपनी ने ट्रंप के चुनाव प्रचार में किसी तरह की गड़बड़ी से भी इन्कार किया है। इसका कहना है कि उनके प्रचार में कैंब्रिज एनालिटिका के डाटा का इस्तेमाल नहीं किया गया है। इस बीच, वाशिंगटन से एएफपी के अनुसार, यूरोपीय संघ और ब्रिटेन के बाद अब अमेरिका में भी फेसबुक के खिलाफ जांच शुरू हो गई है। इस मामले के सामने आने के बाद फेसुबक को दुनियाभर में भारी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है।

अभी-अभी: एक बार फिर काबुल में हुआ भीषण बम धमाका, 26 लोगों की मौत, 18 घायल

यूरोपीय संघ और ब्रिटेन की संसद ने फेसबुक संस्थापक मार्क जुकरबर्ग को पेश होकर स्पष्टीकरण देने के लिए कहा है। इसके बाद अब अमेरिका में भी फेसबुक के खिलाफ जांच शुरू हो गई है। अमेरिकी संसद ने जुकरबर्ग को पेश होने को कहा है। इस मसले पर वॉशिंगटन पोस्ट ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि अगर फेसबुक को दोषी पाया गया, तो उसे भारी जुर्माना भरना पड़ सकता है।

फेसबुक ने कहा, हमें ठगा गया

फेसबुक ने बुधवार को बयान जारी कर कहा कि वह कैंब्रिज एनालिटिका द्वारा लोगों की निजी जानकारियों का दुरुपयोग किए जाने से आहत है। इसने कहा कि हमें ठगा गया है। हम लोगों की जानकारियां सुरक्षित रखने के लिए अपनी नीतियों को समुचित तरीके से लागू करने को प्रतिबद्ध हैं। सारा दोष कैंब्रिज एनालिटिका पर डालते हुए फेसबुक ने कहा कि एक शोधकर्ता से जानकारियां लेकर उसका दुरुपयोग किया गया है। यह सोशल नेटवर्क से जुड़ी शर्तों का उल्लंघन है।

Back to top button