पंजाब में बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन

जालंधर: जनवरी का महीना आधे से अधिक बीत चुका है लेकिन सर्दी से राहत मिलती नजर नहीं आ रही। पिछले सप्ताह कुछ दिन धूप निकलने के बाद सर्दी से राहत मिलने की उम्मीद जगी थी, लेकिन शीत लहर ने एक बार फिर से जोर पकड़ लिया है। कोल्ड डे और कोहरे के बीच शीतलहर ने जनजीवन को बुरी तरह से प्रभावित कर दिया है।
पंजाब के अधिकतर जिलों में पिछले 3 दिनों से धूप न खिलने के कारण ठंड का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। वहीं, मौसम विभाग द्वारा कोल्ड से भीषण कोल्ड डे व घने से घने कोहरे की चेतावनी जारी करते हुए पंजाब में अलर्ट घोषित किया गया है। इसके मुताबिक कोहरे व धुंध का प्रभाव अधिक रहेगा और बर्फीली हवाओं से दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। पूर्वानुमान के मुताबिक 22 जनवरी को रेड अलर्ट रहेगा जबकि उसके अगले 3 दिनों के लिए (25 जनवरी तक) पंजाब का अधिकतर हिस्सा अॅरिंज अलर्ट के जोन में रहेगा। इसके चलते ठंड का कहर बरपता रहेगा और शीत लहर से सर्दी का प्रभाव बढ़ेगा। इसी क्रम में कुछ हिस्सों में वैलो अलर्ट का अनुमान जताया गया है। विभाग द्वारा जारी हुई एडवाइजरी से साफ हो रहा है कि अगला सप्ताह ठिठुरन भरा रहने वाला है। मौसम विभाग के चंडीगढ़ केन्द्र द्वारा अगले 2 दिन घने से अति घने कोहरे की चेतावनी दी गई है और शीत लहर से एहतियात बरतने को कहा गया है।विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ेगी। इसके चलते विशेष सावधानी अपनाने व हाईवे पर संभलकर चलने का परामर्श जारी किया गया है। सुबह व रात को कोहरे का असर अधिक रहेगा।
5-6 डिग्री तक पहुंचा न्यूनतम तापमान
पंजाब के मौसम में हो रहे बदलाव के चलते न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज हुई है। पिछले दिनों नवांशहर का तापमान माइनस में चला गया था और ठंड ने हाल बेहाल कर दिया था। इसके बाद धूप निकलने से तापमान बढ़ने लगा और कई जिलों में न्यूनतम तापमान १ डिग्री तक दर्ज किया गया। लेकिन अब फिर से धूप न निकलने के कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज हुई है। पंजाब में एवरेज के मुताबिक न्यूनतम तापमान 5-6 डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं अधिकतम तापमान 11 डिग्री के आसपास रिकार्ड हुआ है।





