आज शुरू होगा यूपी विधानमंडल का बजट सत्र, राज्यपाल करेंगी संबोधित

उत्तर प्रदेश विधानमंडल का बजट सत्र आज यानी 2 फरवरी से शुरू होगा। इस बजट सत्र में योगी सरकार अयोध्या में श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह के सफल क्रियान्वयन और धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में उपलब्धियों के बखान के साथ शुरू करना चाहेगी। वहीं मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) के सदस्य महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सरकार को घेरने का प्रयास करेंगे। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना विधानसभा में पांच फरवरी को वित्तीय वर्ष 2024-25 का बजट प्रस्ताव पेश करेंगे।

राज्यपाल के अभिभाषण से शुरू होगा बजट सत्र
विधानमंडल का बजट सत्र शुक्रवार को राज्यपाल के अभिभाषण से शुरू होगा। बजट सत्र के 12 फरवरी तक चलने के आसार हैं। इस दौरान सरकार पांच फरवरी को बजट प्रस्ताव सदन के पटल पर रखेगी। सुबह 11 बजे विधानमंडल के संयुक्त सत्र में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल अभिभाषण पेश करेंगी। दोपहर 12.30 बजे राज्यपाल का अभिभाषण पढ़कर सुनाया जाएगा। सत्र के सुचारू संचालन के लिए बृहस्पतिवार को विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने सहयोग करने तथा सकारात्मक चर्चा किये जाने पर सहमति जताई है।

विधान सभा अध्यक्ष ने की नेताओं से ये अपील
गुरुवार को विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सर्वदलीय बैठक में सभी दलों के नेताओं से सदन में सहयोग की अपील की जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया। महाना ने कहा कि सदन में कोरम पूरा होगा तो देर रात तक भी सदन को संचालित किया जाएगा। इससे अधिक से अधिक सदस्यों को सदन में अपनी बात रखने का अवसर मिलेगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी दलीय नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि सभी सदस्य विधान सभा अध्यक्ष के नेतृत्व में अयोध्या दर्शन का कार्यक्रम तय कर लें। यूपी का बजट चुनाव की द्दष्टि से प्रभावी और महत्वपूर्ण है। सदन देर रात 11-12 बजे तक चले जिससे क्षेत्र की जनता यह समझा सके कि उनके द्वारा चुना गया जन प्रतिनिधि उनकी समस्याओं को प्रभावी तरह से सदन में बतातें है। सदन जो भी भाषण हो वह संसदीय मर्यादा के अनुरूप हो। देश के सबसे बड़े राज्य के आय-व्यय की चर्चा हम सब वर्ष 2024 के प्रथम सत्र में करने जा रहे हैं, जो संसदीय मर्यादाओं के अनुरूप होगा।

दिवंगत विधानसभा सदस्यों को दी जाएगी श्रद्धांजलि
कल यानी शनिवार यानी तीन फरवरी को हाल में दिवंगत विधानसभा सदस्यों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। भाजपा विधायक मानवेंद्र सिंह और सपा विधायक एसपी यादव के निधन पर शोक प्रस्ताव के बाद सदन की कार्यवाही स्थगित हो जाएगी। चार फरवरी को अवकाश रहेगा। इसके बाद पांच फरवरी, सोमवार को वित्तीय वर्ष 2024-25 का आय-व्ययक (बजट) पेश किया जाएगा। बीच में 11 फरवरी, रविवार के अवकाश को छोड़कर 12 फरवरी तक विधानसभा सत्र का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।

Back to top button