उत्तर प्रदेश कृषि सेवा परीक्षा के लिए संक्षिप्त अधिसूचना जारी, 268 पदों के लिए होगा एग्जाम

यूपी एग्रीकल्चर सर्विस एग्जाम की तैयारी में जुटे उम्मीदवारों के लिए अपडेट। उत्तर प्रदेश संयुक्त राज्य कृषि सेवाएं परीक्षा (CSASE) 2024 के लिए संक्षिप्त अधिसूचना उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने जारी की है। आयोग द्वारा जारी सूचना (सं.ए-3/ई-1/2024) के अनुसार यूपी कृषि सेवा परीक्षा (UPPSC CSASE 2024) के लिए इस बार 268 रिक्तियां निकाली गई हैं। हालांकि, UPPSC ने रिक्तियों की संख्या में कमी या बढ़ोत्तरी की संभावना अपनी संक्षिप्त अधिसूचना में जताई है।
आवेदन uppsc.up.nic.in पर 10 अप्रैल से
ऐसे में जो उम्मीदवार उत्तर प्रदेश कृषि सेवा परीक्षा 2024 के लिए आवेदन करना चाहते हैं, वे UPPSC की आधिकारिक वेबसाइट, uppsc.up.nic.in पर अप्लाई कर सकेंगे। आवेदन प्रक्रिया के अंतर्गत उम्मीदवारों को पहले पोर्टल पर वन-टाइम-रजिस्ट्रेशन (OTR) करना होगा। इसके बाद अपने पंजीकृत विवरणों से उम्मीदवार यूपी कृषि सेवा परीक्षा (UPPSC CSASE 2024) के लिए अपना अप्लीकेशन सबमिट कर सकेंगे। आवेदन की आखिरी तारीख 10 मई निर्धारित की गई है। इसके बाद उम्मीदवार अपने सबमिट किए गए आवेदन में 16 मई तक सुधार कर सकेंगे।
कौन कर सकता है आवेदन?
UPPSC ने यूपी कृषि सेवा परीक्षा (UPPSC CSASE 2024) में सम्मिलित होने के लिए जरूरी शैक्षिक योग्यता की जानकारी नहीं दी है। उम्मीदवार इस सम्बन्ध में जानकारी 10 अप्रैल को शुरू होने होने वाली आवेदन प्रक्रिया के साथ जारी होने वाली विस्तृत अधिसूचना से ले सकेंगे। हालांकि, आयोग ने संक्षिप्त अधिसूचना में आयु सीमा की जानकारी साझा की है, जिसके अनुसार इस परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए उम्मीदवारों की आयु 1 जुलाई 2024 को 21 वर्ष कम तथा 40 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। यूपी के आरक्षित वर्गों के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में राज्य सरकार के नियमों के अनुसार छूट दी जाएगी।





