शेयर मार्केट में आया उछाल, निफ्टी 11300 के पार, सेंसेक्स ने खुलते ही बनाया शतक
जून तिमाही में कंपनियों के बेहतर नतीजे आने के कारण शेयर बाजार में उछाल का दौर जारी है। सोमवार को हफ्ते के पहले कारोबारी दिन और महीने के अंतिम दिन से एक दिन पहले निफ्टी ने पहली बार एक नया स्तर छुआ। वहीं सेंसेक्स ने भी खुलते ही अंकों का शतक बना लिया। लेकिन रुपये में शुरुआत 10 पैसे की कमजोरी के साथ हुई। 
दिग्गज शेयरों में एसबीआई, एचपीसीएल, इंडियाबुल्स हाउसिंग, वेदांता, गेल, आईसीआईसीआई बैंक, ओएनजीसी और कोल इंडिया 3.6-1.4 फीसदी तक उछले हैं। मिडकैप शेयरों में केनरा बैंक, एनबीसीसी, आईडीएफसी बैंक, इंडियन बैंक और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स 3-2 फीसदी तक चढ़े हैं।स्मॉलकैप शेयरों में गति, श्नाइडर इंफ्रा, ल्युमैक्स इंडस्ट्रीज, वेलस्पन इंडिया और ल्युमैक्स ऑटो टेक 12.75-5.8 फीसदी तक मजबूत हुए हैं।
शुक्रवार को सेंसेक्स ने मारा था तिहरा शतक
शुक्रवार को हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शेयर बाजार रिकॉर्ड उछाल के साथ बंद हुआ था। जहां एक तरफ सेंसेक्स ने तिहरा शतक मारा, वहीं निफ्टी ने भी शतकीय पारी खेलते हुए दमदार मजबूती दिखाई थी।
सेंसेक्स 352 अंक की तेजी के साथ 37,337 के स्तर पर और निफ्टी 111 अंक के उछाल के साथ 11,278 के स्तर पर बंद हुआ था। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने रिकॉर्ड नए हाई 37365.18 के स्तर पर पहुंचा। वहीं निफ्टी 11,280.90 के नए रिकॉर्ड हाई स्तर बनाने में कामयाब रहा। सेंसेक्स की तेजी में ITC का 129.74 अंकों का योगदान रहा।
रुपये में कमजोर शुरुआत
डॉलर के मुकाबले रुपया सोमवार को 10 पैसे कमजोर होकर 68.70 के स्तर पर खुला है। पिछले कारोबारी दिन यानि शुक्रवार के डॉलर के मुकाबले रुपया 68.60 के स्तर पर बंद हुआ था।





