महाराष्ट्र में भाजपा विधायक राजेंद्र पाटनी का निधन

भाजपा विधायक राजेंद्र पाटनी का आज लंबी बीमारी के कारण निधन हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान ही 59 वर्ष की आयु में उनकी मृत्यु हो गई। राजेंद्र पाटनी महाराष्ट्र के कारंजा (वाशिम) से भाजपा विधायक थे।

जानकारी के मुताबिक, उनकी दोनों किडनी फेल हो गई थी, जिसके कारण वह पिछले दो-तीन सालों से बीमार चल रहे थे।

पीएम मोदी ने जताया शोक
राजेंद्र पाटनी के निधन पर पीएम नरेंद्र मोदी ने भी शोक जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “महाराष्ट्र विधानसभा में @BJP4India विधायक राजेंद्र पाटनी जी के निधन से दुख हुआ। वह कई सामुदायिक सेवा पहलों में सबसे आगे थे और लोगों के लिए एक प्रभावी आवाज थे। उन्होंने पार्टी को मजबूत करने में भी सराहनीय भूमिका निभाई. उनके परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदना। शांति।”

राजेंद्र पाटनी के निधन पर डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने भी शोक जताया है। उपमुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया कि अत्यंत दुखद समाचार है कि विधानसभा में मेरे सहयोगी राजेंद्र पाटनी का आज निधन हो गया। वह पिछले कुछ महीनों से बीमारी से जूझ रहे थे। हम सभी को उम्मीद थी कि वे इस संकट से बाहर आ जाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया।

उन्होंने लिखा, “भाजपा ने ग्रामीण मुद्दों की जानकारी रखने वाला एक जन प्रतिनिधि खो दिया है। पश्चिम विदर्भ की समस्याओं के समाधान के लिए वे सदैव तत्पर रहते थे। उनकी कोशिश थी कि सिंचाई की समस्या का समाधान होना चाहिए। उनका निधन मेरी व्यक्तिगत क्षति है। मैं उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। इस दुखद अवसर पर हम उनके परिवार का दुख साझा करते हैं। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि परिवार को यह दुख सहने की शक्ति दे।”

Back to top button