बायजूस का 2022 में घाटा बढ़कर 8,245 करोड़ पहुंचा

एड-टेक कंपनी बायजूस को वित्त वर्ष 2022 में 8,245 करोड़ रुपए का घाटा हुआ है। वित्त वर्ष 2021 में घाटा 4,564 करोड़ रुपए था यानी कंपनी का घाटा करीब-करीब दोगुना हो गया है। इस दौरान कंपनी का टोटल रेवेन्यू 5,298 करोड़ रुपए रहा। 2021 में रेवेन्यू 2,428 करोड़ रुपए था यानी रेवेन्यू में 118 फीसदी का उछाल आया है। बायजूस की पैरेंट कंपनी थिंक एंड लर्न ने कंपनी रजिस्ट्रार के पास अपनी ऑडिटेड फाइनेंशियल रिपोर्ट दाखिल की है।
घाटे का लगभग आधा हिस्सा (लगभग 3,800 करोड़ रुपए) व्हाइटहैट जूनियर और ओस्मो जैसी कंपनियों के कारण है। कंपनी की ओर से किए गए ये दो प्रमुख अधिग्रहण हैं।
कुल आय 2.2 गुना बढ़ गई
बायजूस के CFO नितिन गोलानी ने कहा- ‘हम खुश हैं कि हमारी कुल आय 2.2 गुना बढ़ गई है, हम व्हाइटहैट जूनियर और ओस्मो जैसे हमारे खराब प्रदर्शन वाले व्यवसायों के बारे में भी जानते हैं। हमने अपनी वित्तीय स्थिति में सुधार के लिए कई उपाय किए हैं।’
2022 में वैल्यूएशन 22 बिलियन डॉलर था, अब 2 बिलियन डॉलर
टेक क्रंच की एक रिपोर्ट के अनुसार बायूजस नई फंडिंग के लिए अपने वैल्यूएशन को 2 बिलियन डॉलर करने को तैयार है। एक साल पहले यानी 2022 में इसकी वैल्यूएशन 22 बिलियन डॉलर था यानी कंपनी का वैल्यूएशन 90% से ज्यादा गिर चुका है।





