बिहार: कार और ट्रक की भीषण टक्कर में दो महिलाओं की मौत, आठ घायल
![](https://ujjawalprabhat.com/wp-content/uploads/2025/02/Capture-538.jpg)
पुलिस ने बताया कि कार और ट्रक की टक्कर में दो महिलाओं की मौत हुई है, जबकि आठ लोग घायल हैं। सभी घायल पश्चिम बंगाल के 24 परगना जिले के रहने वाले हैं। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
रोहतास के सासाराम में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर बुधवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में कार (बोलेरो) और ट्रक की भीषण टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को सासाराम सदर अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
कुंभ स्नान कर लौट रहे थे यात्री
जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के 24 परगना जिले के देवगंगा थाना क्षेत्र से 10 लोग उत्तर प्रदेश के प्रयागराज कुंभ में स्नान के लिए गए थे। स्नान के बाद वे एक कार से पश्चिम बंगाल लौट रहे थे, तभी शिवसागर थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर उनकी गाड़ी अचानक अनियंत्रित हो गई और तेज रफ्तार ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई।
घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया
घटना की सूचना मिलते ही राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के कर्मी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को फौरन सासाराम सदर अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। मृत महिलाओं की पहचान जीतू दास (42) और लोखी चक्रवर्ती (45) के रूप में हुई है। वहीं, घायलों में उज्जवल दास, निशा दास, रंजन गौस, रोहन गौस, अंसार अली, कौशल, इंदु दास, पल्लव बनर्जी और उमर फारूक शामिल हैं।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही शिवसागर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। थाना अध्यक्ष रितेश कुमार ने बताया कि कार और ट्रक की टक्कर में दो महिलाओं की मौत हुई है, जबकि आठ लोग घायल हैं। सभी घायल पश्चिम बंगाल के 24 परगना जिले के रहने वाले हैं। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह संभावना जताई जा रही है कि कार चालक की लापरवाही या तेज रफ्तार के कारण यह हादसा हुआ।
घटना से परिजनों-ग्रामीणों में शोक
दुर्घटना की खबर मिलते ही घायलों और मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। इस दर्दनाक हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि यातायात सुचारू रूप से बहाल हो सके।