बिहार: एसएसबी ने 26.10 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक व्यक्ति गिरफ्तार…

सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने ब्राउन शुगर के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान साजिद अनवर के रूप में की गयी है, जो अररिया का रहने वाला है।

ब्राउन शुगर के साथ एक व्यक्ति गिरफ्तार
एसएसबी के 45वीं बटालियन के कार्यवाहक कमांडेंट रूपेश शर्मा (उप कमांडेंट) ने बताया कि सूचना मिली थी कि सीमा स्तम्भ संख्या 202 के क्षेत्र से मादक पदार्थों की तस्करी होने वाली है। सूचना की पुष्टि होने के उपरांत एक विशिष्ट नाका दल का गठन किया गया। इसके बाद नाका दल चिन्हित स्थान के लिए रवाना हुआ एवं निर्धारित क्षेत्र में तैनात होकर सतर्कता के साथ ड्यूटी करने लगे। कुछ समय उपरांत नाका दल को एक मोटर साइकिल सवार व्यक्ति नेपाल से भारत की तरफ आता दिखाई दिया ।    

शर्मा ने बताया कि पूर्व प्राप्त सूचना के आधार पर नाका दल ने रोका, जिस पर व्यक्ति ने भागने की कोशिश की पर नाका दल ने उसे घेरकर पकड़ लिया। इसके उपरांत उक्त व्यक्ति से पूछताछ की गयी एवं उसकी तलाशी ली गयी। तलाशी के क्रम में व्यक्ति की जेब से ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ मिला, जिसका वजन 26.10 ग्राम पाया गया, जिसे नाका दल ने जब्त किया। हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान साजिद अनवर के रूप में की गयी है, जो अररिया का रहने वाला है। आवश्यक कागजी कार्रवाई के उपरांत जब्त ब्राउन शुगर, मोटर साइकिल एवं हिरासत में लिए व्यक्ति को जिला पुलिस को सौंप दिया गया है।

Back to top button