बिहार: मुखिया के स्कॉर्पियो ने दो युवकों को मारी टक्कर; एक की मौत, दूसरा गंभीर

खगड़िया जिले में मुखिया की स्कॉर्पियो ने दो युवकों को टक्कर मार दी। घटना में एक युवक की मौत घटनास्थल पर हो गई। जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। जिसे इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल भेजा गया है। घटना सोमवार रात की बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।
जानकारी के अनुसार मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कुतुबपुर निवासी मोहम्मद बाबर के 35 वर्षीय पुत्र मोहम्मद शहाबुद्दीन और उनके सहयोगी मोहम्मद मजहर के पुत्र मोहम्मद सलीम दोनों व्यवसाय करके ई रिक्शा से अपने घर आ रहे थे। इसी दौरान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धुसमुरी बिशनपुर रमन ईट भट्ठा के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने ई रिक्शा को सामने से टक्कर मार दिया। जिससे मोहम्मद शहाबुद्दीन की मौत घटनास्थल पर हो गई जबकि उनके सहयोगी मोहम्मद सलीम घायल हो गए।
शराब की नशे में था वाहन चालक
घटनास्थल पर मौजूद लोगों की मानें तो स्कॉर्पियो वाहन चालक शराब की नशे में तेज रफ्तार से वाहन चल रहा था। जिसने ई रिक्शा को सामने से जोरदार टक्कर मार दिया। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो अलौली थाना क्षेत्र के बरैय घाट पंचायत के मुखिया यशपाल कुमार उर्फ विकास कुमार की है। लोगों का कहना है कि जिस समय यह घटना हुई है उस समय मुखिया के साथ उनका चालक और अन्य दो-तीन लोग स्कॉर्पियो पर बैठे हुए थे। बताया जा रहा है कि घटना के बाद मुखिया सहित उनके सहयोगी वाहन छोड़कर फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने घटनास्थल से स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है। मुफस्सिल थाना अध्यक्ष ने बताया कि घटना के बाद स्कॉर्पियो को जब्त किया गया है। साथ ही मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मामले में परिजनों द्वारा आवेदन देने के बाद प्राथमिक दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





