विपक्षी एकता की अपनी मुहिम के तहत मुंबई पहुंचे बिहार के मुख्यमंत्री ने उद्धव ठाकरे से की मुलाकात..

विपक्षी एकता की अपनी मुहिम के तहत गुरुवार को मुंबई पहुंचे बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उद्धव ठाकरे से मुलाकात की। इसके बाद दोनों नेताओं ने मीडिया से बात की।

मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने बताया कि उन्हें प्रधानमंत्री बनने की लालसा नहीं है। वे विपक्ष की एकता चाहते हैं। इसके लिए सभी लोगों से बात कर रहे हैं। नीतीश ने आगे कहा, “वे चाहते हैं कि सभी एकजुट होकर लड़ें और देश को आगे बढ़ाएं। हम 2024 में सफल होंगे और देश आगे बढ़ेगा।” इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार पर हमला करते हुए कहा कि वह इतिहास बदलने में लगी है।

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि लोकतंत्र बचाने के लिए हम एक साथ आए हैं। देश में लोकतंत्र की हत्या हो रही है। इस देश को बचाना है तो विपक्ष को एकजुट होकर मुकाबला करना ही होगा और हम करेंगे।

बता दें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार को मुंबई के दौरे पर हैं। उनके साथ उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, मंत्री संजय झा एवं जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह भी हैं। मुंबई में वे सबसे पहले मातोश्री जाकर उद्धव ठाकरे से मिले। इसके बाद वे शरद पवार से मिलने वाले हैं। मुंबई दौरे पर जाने से पहले नीतीश कुमार झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से भी मुलाकात कर चुके हैं।

Back to top button