Big Breaking: कोरोना से दुनिया में 58 हजार की मौत, अमेरिका में एक दिन में मरे 1480 लोग
नई दिल्ली। कोरोना वायरस के भंवर में दुनिया फंसती जा रही है और इसका तोड़ किसी देश को नहीं मिल पा रहा है। इस महामारी के कारण दुनियाभर में अब तक 58817 लोग मर चुके हैं, जबकि 1098848 लोग कोरोना वायरस की चपेट में आ चुके हैं। हालांकि 2,11,409 संक्रमित लोग ठीक भी हो चुके हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक कोरोना दुनिया के करीब 200 देशों में फैल चुका है। सबसे ज्यादा हालत इटली, अमेरिका और स्पेन की बनी हुई है, जहां मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अमेरिका में पिछले 24 घंटे में 1480 लोगों की मौत हो चुकी है। एक दिन पहले एक दिन में 1169 लोग दम तोड़ चुके थे।
अमेरिका में मरने की संख्या 7 हजार के पार
दुनिया का सबसे ताकतवर देश अमेरिका कोरोना वायरस से मात खा गया। कोरोना वायरस के कारण अमेरिका में हाहाकार मचा हुआ है। मात्र 24 घंटे में 1480 लोगों की मौत हो गई है। इसी के साथ अमेरिका में अब तक 7 हजार से ज्यादा लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। वहीं जबकि 2 लाख 76 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हैं।
जर्मनी ने चीन को पीछे छोड़ा
कोरोना वायरस की चपेट में आॅस्ट्रेलिया, जर्मनी और रूस जैसे देश भी आ चुके हैं। ऑस्ट्रेलिया में अब तक 5,300 से अधिक मामले सामने आए और 28 लोगों की मौत हुई, जबकि कोरोना वायरस से संक्रमण के मामले में जर्मनी ने चीन को पीछे छोड़ दिया है। अब तक जर्मनी में संक्रमण के मामले 91159 हो गए है। वहीं चीन में कुल 82,511 मामले दर्ज हुए हैं। रूस में अब तक 4 हजार से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। वहीं, अब तक 34 लोगों की मौत हुई है।
इटली में 14 हजार से ज्यादा लोगों की गई जान
यूरोप में कोरोना वायरस का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा हैै। लोगों की बड़े पैमाने पर लगातार मौतें हो रही हैं। इटली में जहां 14 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो गई हैै। वहीं, स्पेन में 10 हजार से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी हैै। फ्रांस और ब्रिटेन में भी लोगों की बड़े पैमाने पर मौतें हुई हैं।





