
कर्नाटक चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने घोषणापत्र जारी कर दिया है। कांग्रेस की योजनाओं के मुकाबले के लिए भाजपा ने मुफ्त गैस सिलेंडर का दांव चला है। पार्टी इसे ‘जनता का घोषणापत्र’ बता रही है। साथ ही इसके जरिए राज्य की महिला मतदाताओं पर खास फोकस किया हुआ है। राज्य में 10 अप्रैल को मतदान होने हैं। 13 अप्रैल को मतगणना होगी।

घोषणापत्र में क्या
भाजपा ने वादा किया है कि राज्य में समान नागरिक संहिता (UCC) को लागू किया जाएगा। साथ ही पार्टी ने सत्ता वापसी पर एनआरसी लागू करने का भी ऐलान कर दिया है। भाजपा ने गरीबी रेखा के नीचे वाले परिवारों को उगादी, दिवाली और गणेश चतुर्थी पर मुफ्त तीन गैस सिलेंडर देने की बात कही है। साथ ही बीपीएल कार्ड धारकों को प्रतिदिन मुफ्त दूध मिलेगा।
पार्टी ने वादा किया है कि अगर दोबारा सरकार बनाने में सफल होते हैं तो बेंगलुरु को राजधानी क्षेत्र के तौर पर विकसित किया जाएगा। भाजपा ने जानकारी दी है कि 6 लाख से ज्यादा लोगों से सुझाव लेने के बाद घोषणापत्र को तैयार किया गया है। दक्षिण राज्यों में विस्तार की ओर देख रही भाजपा के लिए यह चुनाव काफी अहम साबित होगा।
भाजपा के वादे एक नजर में
- कर्नाटक में समान आचार संहिता
- गरीबी रेखा के नीचे परिवारों को आधा लीटर नंदिनी दूध प्रतिदिन
- हर महीने परिवार के हर सदस्य को 5 किलो चावल और 5 किलो बाजरा
- उगादी, गणेश चतुर्थी और दिवाली पर बीपीएल परिवारों को तीन मुफ्त गैस सिलेंडर
- कर्नाटक ओनरशिप एक्ट में संशोधन
- हर वार्ड में लैब
- मैसूर में फिल्म सिटी के नाम का दिवंगत अभिनेता पुनीत राजकुमार के नाम पर नामकरण
- अटल आहार केंद्र