‘चुनाव से पहले धनंजय मुंडे-वाल्मिक कराड ने मुझसे मुलाकात की’, मनोज जरांगे ने किया बड़ा खुलासा

सरपंच हत्या मामले के मुख्य आरोपी कृष्णा अंधाले के अभी तक फरार होने पर जरांगे ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि वह राजनीतिक समर्थन के कारण छिप रहा है।

मराठा कार्यकर्ता मनोज जरांगे ने सोमवार को बताया कि महाराष्ट्र के मंत्री धनंजय मुंडे ने अपने सहयोगी वाल्मिक कराड के साथ पिछले साल हुए राज्य विधानसभा चुनाव से पहले उनसे मुलाकात की थी।

वाल्मिक कराड को जबरन वसूली के मामले में गिरफ्तार किया गया है। पिछले साल दिसंबर में बीड में सरपंच की हत्या से जुड़े मामले में वाल्मिक कराड का नाम सामने आने के बाद से राज्य मंत्री धनंजय मुंडे को आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। विपक्ष इस मामले की निष्पक्ष जांच के लिए मुंडे को मंत्रिमंडल से हटाने की मांग कर रहे हैं।

महाराष्ट्र में बीड के मासाजोग के सरपंच संतोष देशमुख को 9 दिसंबर को अपहरण कर प्रताड़ित किया गया और फिर उनकी हत्या कर दी गई, क्योंकि वे बीड जिले में एक पवनचक्की परियोजना का संचालन करने वाली एक ऊर्जा कंपनी पर जबरन वसूली की कोशिश को रोकने का प्रयास कर रहे थे। इस मामले में अबतक पुलिस सात लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। हालांकि, आरोपी कृष्णा अंधाले अभी भी फरार है। वाल्मिक कराड को जबरन वसूली मामले में गिरफ्तार किया गया है और वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में है।

मनोज जरांगे से मिले थे धनंजय मुंडे
मराठा कार्यकर्ता मनोज जरांगे से जब पूछा गया कि क्या धनंजय मुंडे उनसे मिलने आए थे, उन्होंने कहा, “चुनाव के दौरान हर कोई मुझसे मिल रहा था। वे मेरे पास आए, उनके साथ वाल्मिक कराड भी था।” उन्होंने आगे कहा, “मैंने पहले उनसे नहीं मिलने का सोचा, लेकिन वे बाहर इंतजार कर रहे थे। तब मैं उनसे जाकर मिला और मुंडे ने मुझे कराड से मिलाया।”

मनोज जरांगे ने बताया कि उन्होंने धनंजय मुंडे से पूछा कि क्या वाल्मिक कराड से हार्वेस्ट मशीनें पाने के इच्छुक कुछ लोगों के पैसे के गबन में शामिल थे? उन्होंने कहा, “मैंने उससे (कराड) गेवरई के एक कार्यकर्ता के माध्यम से उन लोगों के पैसे लौटाने के लिए कहा। वह वाल्मिक कराड को भी जानता था। मैं उसका नाम जानता था, जब वह धनंजय मुंडे से मिलने आया तब मैं भी उससे मिला।”

मुख्य आरोपी के फरार होने पर जरांगे ने दी प्रतिक्रिया
सरपंच हत्या मामले के मुख्य आरोपी कृष्णा अंधाले के अभी तक फरार होने पर जरांगे ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि वह राजनीतिक समर्थन के कारण छिप रहा है। जरांगे ने कहा, “यह वही गैंग है। वे (मुंडे) और दूसरे व्यक्ति (कराड) को एक ही तस्वीर में देखा गया। वे जांच को गुमराह कर रहे हैं।” मराठा कार्यकर्ता ने दावा किया कि मुख्य आरोपी अंधाले को आसपास के इलाके में ही छिपाकर रखा गया होगा।

Back to top button