भगवान के दरबार में हाजिरी: परिणाम से पहले नायब सिंह सैनी ने की पूजा अर्चना

हरियाणा के मुख्यमंत्री और लाडवा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी नायब सिंह सैनी कुरुक्षेत्र में सैनी समाज धर्मशाला पहुंचे। प्रदेश की सबसे चर्चित व हॉट सीट लाडवा में हार-जीत जाट व ओबीसी वोट बैंक पर टिकी है।

लोकसभा चुनावों के बाद हरियाणा में विधानसभा चुनाव भाजपा और कांग्रेस के बीच पहला बड़ा सीधा मुकाबला है। इस चुनाव के परिणाम का असर आने वाले दिनों में अन्य राज्यों में होने वाले चुनावों में देखने को मिल सकता है। इस चुनाव में मुख्य पार्टियां भाजपा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (आप), इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो)-बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और जननायक जनता पार्टी (जजपा)-आजाद समाज पार्टी (आसपा) हैं।

परिणाम से पहले मंदिर पहुंचे नायब सिंह सैनी
कुरुक्षेत्र के ब्रह्मसरोवर स्थित श्री दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर में सुबह 6:30 बजे लाडवा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी एवं कार्यवाहक मुख्यमंत्री नायब सैनी ने द्वारा पूजा अर्चना की गई। इस मौके पर उनके साथ थानेसर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी सुभाष सुधा भी मौजूद रहे।

मतगणना से पहले पूजा अर्चना के दौरान कार्यवाहक मुख्यमंत्री के साथ थानेसर विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी सुभाष सुधा के साथ-साथ शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी सुभाष कलसाना भी मौजूद रहे।

नायब सिंह सैनी ने किया जीत का दावा
हरियाणा के मुख्यमंत्री और लाडवा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज मतगणना का दिन है और मुझे पूरा विश्वास है कि पिछले 10 साल में भाजपा सरकार द्वारा किए गए कार्यों के परिणामस्वरूप हम तीसरी बार हरियाणा में सरकार बनाएंगे। हमारी सरकार हरियाणा के लोगों की सेवा करती रहेगी। कांग्रेस सत्ता के लिए काम करती है, भाजपा सेवा के लिए काम करती है।

मतगणना को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
हरियाणा में जींद के DSP जितेन्द्र कुमार राणा ने मतगणना के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था पर कहा, ‘हमने करीब 19 नाके लगाए हैं, हर नाके पर पुलिस कर्मचारी तैनात हैं। हम शांतिपूर्वक गिनती कराएंगे। धारा 144 भी लागू है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं।

Back to top button