फिलहाल कोई भी मंत्रिमंडल विस्तार नहीं होने वाला- तेजस्वी यादव

बिहार महागठबंधन में जारी घमासान के बीच नीतीश कैबिनेट का विस्तार टल गया है। डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने गुरुवार को कहा कि फिलहाल कोई भी मंत्रिमंडल विस्तार नहीं होने वाला है। बता दें कि कांग्रेस विधायकों की संख्या के आधार पर दो और मंत्री बनाने की मांग कर रही है। तेजस्वी ने कहा कि कांग्रेस की मांग पर कैबिनेट विस्तार या फेरबदल पर महागठबंधन के अंदर कोई बात नहीं हुई है, कांग्रेस की मांग पर भी कोई विचार नहीं हुआ है। 

डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने गुरुवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि कांग्रेस के मांगों को लेकर अभी कोई भी विचार नहीं किया गया है। फिलहाल कोई भी कैबिनेट का विस्तार नहीं होने वाला है। उन्होंने कहा, “मुझे तो यह समझ नहीं आ रहा है कि आखिकार इस बात की चर्चा कहां से निकल कर सामने आई है। यह यह साफ कर देता हूं कि अभी इसको लेकर गठबंधन के अंदर कोई भी बात नहीं हुई है।”

कांग्रेस की दो मंत्रियों की मांग

अगस्त 2022 में जब नीतीश कुमार के नेतृत्व में महागठबंधन की सरकार बनी, तो कांग्रेस को कोटे से दो नेताओं को ही मंत्री बनाया गया। इनमें आफाक आलम को कैबिनेट में जगह मिली तो मुरारी गौतम को राज्य मंत्री बनाया गया था। अखिलेश प्रसाद सिंह के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद से वे नीतीश सरकार पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। इस संबंध में उन्होंने सीएम नीतीश से बात भी की। 

नीतीश ने कहा था खरमास के बाद होगा कैबिनेट विस्तार

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कुछ दिन पहले कहा था कि खरमास के बाद कैबिनेट का विस्तार होगा। इस दौरान कांग्रेस कोटे से कुछ मंत्री बनाए जाएंगे। साथ ही आरजेडी कोटे से भी दो मंत्री पद खाली हुए हैं, उन्हें भरा जाएगा। हालांकि, अब तेजस्वी यादव कैबिनेट विस्तार की बात से इनकार कर रहे हैं। 

महागठबंधन में घमासान

बिहार में सात पार्टियों के महागठबंधन में फिलहाल सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। आरजेडी नेता अपने बयानों को लेकर विवादों में हैं। वहीं, उपेंद्र कुशवाहा अपने ही नेता नीतीश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं। जीतनराम मांझी शराबबंदी को लेकर नीतीश पर लगातार हमला बोल रहे हैं। लेफ्ट पार्टियां भी विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेर रही हैं। HAM, सीपीएम समेत अन्य दल महागठबंधन में कोऑर्डिनेशन कमिटी बनाने की मांग कर चुके हैं, लेकिन इस पर भी कोई विचार अभी तक नहीं हो पाया है।

Back to top button