कश्मीर: छुट्टी पर घर आए BSF जवान पर आतंकियों ने की अधाधुंध फायरिंग

श्रीनगर। कश्मीर में एक बार फिर से सेना के जवान की हत्या हुई है। उत्तरी कश्मीर के हाजिन (बांडीपोर) में लश्कर-ए-तैयबा के आतंकियों ने छुट्टी पर घर आए बीएसएफ के एक जवान को उसके ही घर में गोलियों से भून डाला। आतंकियों की अधांधुंध फायरिंग में शहीद बीएसएफ जवान के पिता, भाई और फूफी जख्मी हो गए।

अभी अभी: फोन पर गिड़गिड़ाया पाकिस्तान, बोला-बॉर्डर पर फायरिंग बंद करे सेना!

बीते छह माह के दौरान कश्मीर घाटी में सेना या केंद्रीय अर्धसैनिक बल में तैनात किसी स्थानीय युवक की आतंकियों द्वारा हत्या की यह दूसरी वारदात है। इससे पूर्व आतंकियों ने 10 मई को दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले में लेफ्टिनेंट उमर फैयाज को अगवा कर मौत के घाट उतार दिया था। वह भी अवकाश पर घर आए हुए थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार तीन से चार आतंकियों का एक दल बुधवार रात आठ बजे के करीब पर्रे मोहल्ले में स्थित गुलाम अहमद के घर दाखिल हुए। कहा जाता है कि आतंकियों ने उसके घर में शरण लेनी चाही थी। उस समय गुलाम अहमद का बड़ा पुत्र रमीज अहमद जो कि बीएसएफ का जवान है और कुछ दिन पहले ही राजस्थान से छुट्टी पर घर लौटा है, ने आतंकियों को चले जाने को कहा। इस पर उसकी आतंकियों के साथ बहस व धक्कामुक्की भी हो गई। मामला बिगड़ता देखा आतंकी वहां से चले गए।

कुछ ही देर बाद आतंकी दोबारा लौट आए। इस बार उनकी तादाद ज्यादा थी। उन्होंने पूरे परिवार को एक जगह जमा किया और उसके बाद उन्होंने रमीज व उसके भाई मुमताज को अपने साथ चलने के लिए कहा। लेकिन रमीज ने आतंकियों का प्रतिरोध करते हुए एक आतंकी पर काबू पा उसकी राइफल छीनने का प्रयास किया। उसे आतंकियों के साथ भिड़ते देख परिवार के अन्य लोगों ने भी प्रतिरोध शुरू कर दिया।

इस पर आतंकियों ने उन पर अंधांधुंध फायरिंग कर दी। गोलियां लगने पर रमीज, उसका भाई, पिता और फूफी जमीन पर गिर पड़े। आतंकी उन्हें मरा समझ वहां से भाग गए। वहीं गोलियों की आवाज सुनते ही निकटवर्ती शिविरों से सुरक्षा बल के जवान भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घर के आंगन में घायल पड़े चारों लोगों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने रमीज को मृत घोषित कर दिया।

Back to top button