अब आशीष नेहरा लेंगे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से रिटायरमेंट, जानिए, कहाँ करेंगे ये बड़ा ऐलान

टीम इंडिया के तेज गेंदबाज आशीष नेहरा अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने जा रहे हैं। वो अगले महीने एक नवंबर को रिटायर हो जाएंगे। नेहरा न्यूजीलैंड के खिलाफ दिल्ली में खेले जाने वाले पहले टी-20 मैच के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लेंगे। आशीष नेहरा को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मौजूदा टी-20 सीरीज में टीम में भी चुना गया है। लेकिन दोनों मैचों में वो अंतिम ग्यारह का हिस्सा नहीं रहे हैं।
ऑस्ट्रेलिया के बाद न्यूज़ीलैंड की टीम भारत के दौरे पर आएगी और कीवी टीम के साथ होने वाली तीन टी-20 सीरीज का पहला मैच उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का आखिरी मुकाबला होगा। न्यूज़ीलैंड के खिलाफ पहला टी-20 मैच दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान में हैं। आपको बता दें कि फिरोजशाह कोटला नेहरा का घरेलू मैदान भी है। तो वो अपने घरेलू मैदान पर क्रिकेट से रिटायरमेंट लेंगे।
38 साल के आशीष नेहरा का करियर काफी उतार-चढ़ाव वाला रहा है। चोटों के कारण वह कभी टीम में अपनी जगह पक्की नहीं रख पाए। आशीष नेहरा ने साल 1999 में अपना टेस्ट डेब्यू किया था। जिसके बाद से अब तक नेहरा 17 टेस्ट, 120 वनडे और 26 टी-20 मुकाबले खेल चुके हैं। आशीष नेहरा 6 भारतीय कप्तानों के नेतृत्व में खेल चुके हैं। वो मुहम्मद अजहरुद्दीन, सौरव गांगुली, राहुल द्रविड़, अनिल कुंबले, एम एस धौनी और विराट कोहली की कप्तानी में टीम इंडिया में खेले हैं।
ये भी पढ़े: दुनिया का शिकार करने वाले MS धोनी, आज खुद बन गए शिकार
बता दें कि आशीष 2011 के वर्ड कप में भारत की जीत के साथ भी रहे हैं और 2003 में विश्वकप फाइनल भी खेल चुके हैं। इसी विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ नेहरा ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था। इस मैच में उन्होंने 23 रन देकर 6 खिलाड़ियों को आउट किया था।





