सगे भाई की हत्या के मामले में पिछले एक वर्ष से फरार चल रहे आरोपित को पुलिस ने किया गिरफ्तार, तहकीकात जारी…

सगे भाई की हत्या में पिछले एक वर्ष से फरार चल रहे आरोपित को द्वारका जिला पुलिस के वाहन चोरी निरोधक दस्ते ने गिरफ्तार किया है। हत्या के बाद आरोपित जब पुलिस से बचने के लिए यहां वहां भागा फिर रहा था, तब उसने एक जगह फार्म हाउस में चोरी करने का प्रयास किया था। तब जब वहां के गार्ड ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो उनके सिर पर इस कदर वार किया कि बाद में उनकी भी मौत हो गई है। अब आरोपित की गिरफ्तारी के बाद पुलिस हत्या से जुड़े दोनों मामलों के सुलझने का दावा कर रही है। आरोपित का नाम आनंद कुमार है। मामले की तहकीकात जारी है।
द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त शंकर चौधरी ने बताया कि आरोपित ने पूछताछ के दौरान बताया कि उसके माता- पिता की मौत करीब पांच वर्ष पूर्व हुई थी। माता- पिता के मौत के सदमे से परिवार उबरा भी नहीं था कि कोरोना महामारी के दौरान आरोपित के बड़े भाई की मौत हो गई। परिवार में एक के बाद एक मौत के बाद आरोपित टूट गया और वह गोयला डेयरी में रहने लगा। इस बीच आरोपित आनंद को पता चला कि उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिला स्थित पश्चिम सरिया गांव में रहने वाले उसके भाई ने करीब नौ लाख रुपये में जमीन बेच दी है।
यह रकम बैंक में जमा थी। आनंद इस रकम में अपना हिस्सा चाहता था, जिसे भाई ने देने से इंकार कर दिया। आनंद ने तब अपने दोस्त के साथ मिलकर साजिश रची। उसने सोचा कि हत्या के बाद वह बैंक खाते से रकम निकाल लेगा। पूरी साजिश के तहत अपने भाई रोहित को दिल्ली बुलाया। यहां रोहित को बुलाने के बाद एक दिन मौका पाकर गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को नाला में फेंक दिया गया।
इस मामले में हत्या की बात तब पता चली जब पुलिस के पास शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई। इस रिपोर्ट से पता चला कि मौत का कारण गला दबाना है। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। इधर हत्या की बात से पुलिस भले ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने से पहले बेखबर रही हो लेकिन आरोपित को अपने कृत्य का भलीभांति पता था और वह पुलिस से बचने की कोशिश में यहां वहां भाग रहा था।
इधर वाहन चोरी निरोधक दस्ता के प्रभारी इंस्पेक्टर कमलेश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम आरोपित की तलाश में जुटी थी। टीम में सब इंस्पेक्टर बिजेंद्र, दिनेश शामिल थे। टीम को सूचना मिली कि आरोपित नजफगढ़ नाले के किनारे से गुज रही सड़क के किनारे में इलाके में मोटरसाइकिल से आने वाला है। इसके बाद जाल बिछाकर आरोपित को दबोच लिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपित आनंद जिस मोटरसाइकिल पर सवार था, वह डाबड़ी इलाके से चुराई गई थी।






