गुलमर्ग में हिमस्खलन, एक विदेशी स्कीयर की मौत

कश्मीर घाटी के विश्व प्रसिद्ध स्की रिसोर्ट गुलमर्ग के आर्मी रिज क्षेत्र में गुरुवार दोपहर हिमस्खलन हुआ। इसके चलते छह विदेशी स्कीयर और एक स्थानीय गाइड फंस गया। इसका पता चलते ही पुलिस और सेना ने तुरंत बचाव व तलाशी अभियान चलाया। इनमें से पांच स्कीयर और स्थानीय गाइड सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि एक स्कीयर की मौत हो गई। सभी स्कीयर रूस के नागरिक हैं।

एक अधिकारी ने बताया कि हिमस्खलन की जानकारी मिलते ही बारामुला पुलिस, सेना की 18आरआर और एचडब्लयूएएस के गुलमर्ग स्की गश्ती दल खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया। छह रूसी स्कीयर और एक स्थानीय गाइड वाले समूह को आर्मी रिज में खोज लिया गया।

अधिकारी ने कहा कि बचाव दल के साहसिक प्रयासों के बावजूद हिमस्खलन के कारण एक रूसी स्कीयर की जान चली गई। जबकि एक स्कीयर को हल्की चोटें आई हैं। बाकी सभी सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं मृतक के परिवार के साथ हैं।

बचाए गए स्कीयर और गाइड वर्तमान में जिला प्रशासन की देखरेख में हैं और बुनियादी चिकित्सा उपचार प्राप्त कर रहे हैं। एक स्कीयर को मामूली चोटें आईं है। उसकी हालत स्थिर है और स्थानीय अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।

खेलो इंडिया के सभी खिलाड़ी सुरक्षित

हिमस्खलन के कारण खेलो इंडिया शीतकालीन खेल को कोई प्रभाव नहीं पड़ा। क्योंकि शीतकालीन खेल कोंगडोरी क्षेत्र में आयोजित किए जा रहे हैं, जो कि हिमस्खलन वाले क्षेत्र से काफी दूर है।

गुलमर्ग में शीतकालीन खेलों का गुरुवार को दूसरा दिन है। इस दौरान गुलमर्ग में अलग-अलग प्रतियोगिताएं जारी हैं। देशभर से आए खिलाड़ियों के साथ ही बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और पर्यटक यहां पहुंचे हुए हैं। खेल परिषद की सचिव नुजहत गुल ने कहा कि खेलो इंडिया के सभी खिलाड़ी सुरक्षित हैं। सभी प्रतियोगिताएं तय नियमावली के अनुसार चल रहे हैं।

Back to top button