अमृत सरोवर योजना : दिल्ली में लबालब होंगे 20 तालाब… छायादार पेड़ बढ़ाएंगे हरियाली

एमसीडी मौजूदा वित्तीय वर्ष में बीस स्थानों पर तालाब विकसित करेगी। इनकी तलहटी में जमा गाद निकालकर तटबंधों को मजबूत किया जाएगा और आसपास छायादार पेड़ लगाकर हरियाली बढ़ाई जाएगी। इसके बाद ये सालभर पानी से लबालब रहेंगे। कई तालाबों के किनारे वॉकिंग ट्रैक, समय बिताने के लिए गजीबो हट व लेजर लाइटें भी लगाई जाएंगी। कई तालाबों में बत्तखें भी तैरती नजर आएंगी।

दरअसल, अमृत सरोवर योजना के तहत तालाब विकसित किए जाएंगे। देशभर में कुल 50,000 अमृत सरोवर बनाए जा रहे हैं। इसमें कम से कम एक एकड़ का तालाब क्षेत्र होगा, जिसकी जल धारण क्षमता करीब 10,000 घन मीटर रहेगी। अमृत सरोवर नीम, पीपल, बरगद जैसे पेड़ों से घिरा होगा। ये सिंचाई, मछली पालन, बत्तख पालन, सिंघाड़े की खेती, जल पर्यटन और अन्य उद्देश्यों के लिए पानी का उपयोग कर आजीविका सृजन के स्रोत बनेंगे। अमृत सरोवर लोगों के मेलजोल के लिए एक स्थल के रूप में भी काम करेगा।

यहां विकसित होंगे तालाब
सी ब्लॉक, सेक्टर-द्वारका वार्ड-130 नजफगढ़ जोन
बागडोला गांव में जहाज वाला पार्क, सेक्टर-8, वार्ड-130 नजफगढ़ जोन
वाटर बॉडी सेक्टर-8 मलेरिया कार्यालय के पास बागडोला वार्ड-130 नजफगढ़ जोन
खसरा संख्या-155 सेक्टर-7 द्वारका (पालम) वार्ड-135 एस नजफगढ़ जोन
वार्ड-135 नजफगढ़ जोन में रामफल चौक सेक्टर-7 द्वारका के पास हरिजन बस्ती
खसरा नंबर-153 गोकुल गार्डन सेक्टर-7 द्वारका (पालम) के पास, वार्ड-54 एस, नजफगढ़ जोन
गांव पोचनपुर सेक्टर-23 द्वारका वार्ड-120, नजफगढ़ जोन
गांव अंबरहाट, सेक्टर-19 द्वारका वार्ड-120 नजफगढ़ जोग
रोशनपुरा वार्ड-129, नजफगढ़ जोन में सीनियर सेकंडरी स्कूल धरमपुरा के पास
डीटीसी टर्मिनल वार्ड-127 नजफगढ़ जोन
जौनापुर (एमसीडी प्राइमरी स्कूल जौनापुर के पास पार्क) दक्षिणी जोन वार्ड-158
आया नगर जोहड़ (बस स्टैंड के पास) वार्ड-157 दक्षिणी जोन
मसूदपुर विलेज पार्क (वसंत कुंज) वार्ड-156 दक्षिणी जोन
खसरा संख्या 61/26 माता मनसा देवी मार्ग के पास वार्ड-3 नरेला जोन
खसरा नंबर-396 गैस गोदाम पाना-पपोसिया के पास वार्ड-1 नरेला जोन
गाजीपुर गांव पार्क तालाब (मंडी वाला पार्क) वार्ड-205 शाहदरा दक्षिण जोन
हाइवे अपार्टमेंट के पास गाजीपुर गांव, वार्ड-205 शाहदरा दक्षिण जोन
ताहिरपुर गांव वार्ड-219 शाहदरा उत्तरी जोन
नैनी लेक मॉडल टाउन केशव पुरम जोन वार्ड नंबर-68
रोशनारा बाग वार्ड नंबर-9 केशव पुरम जोन

सात तालाबों को एसटीपी से जोड़ा
एमसीडी के पास कुल 22 तालाब हैं, जिनमें 20 का अमृत सरोवर योजना के अंतर्गत इस साल पुनरुद्धार किया जाएगा। सात तालाबों को सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के साथ जोड़ दिया गया है। नालों के पानी को शोधित कर इन तालाबों में डाला जाएगा। दो और तालाबों को भी एसटीपी से जोड़ने की योजना निगम ने बनाई है। इस पर काम चल रहा है। सालभर इन तालाबों के पानी का इस्तेमाल पेड़ों की सिंचाई में किया जाएगा।

Back to top button