अम्बाला: गन्ने के खेतों में पकड़ी नकली शराब फैक्टरी; मशीन व खाली ड्रम बरामद…

पुलिस को सूचना मिली थी कि धनौरा गांव में पुरानी कैमिकल की फैक्टरी बनी हुई है, जिसकी चारदीवारी हो रखी है। हालांकि अब वह कैमिकल की फैक्टरी बंद हो चुकी है। ऐसे में इस पुरानी फैक्टरी को धनौरा निवासी पुनीत, थम्बड़ निवासी कंपिल पंडित, उगाला निवासी अंकित उर्फ मोगली ने किराये पर लिया हुआ था।
यमुनानगर में जहरीली शराब के सेवन करने पर सात लोगों की मौत होने के बाद आखिरकार संबंधित विभागों की नींद खुल गई है। अंबाला पुलिस ने भी बड़ी कार्रवाई करते हुए धनौरा-बिंजलपुर गांव के पास अवैध शराब बनाने वाली फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है। बुधवार देररात को छापामारी करते हुए मशीनों सहित खाली ड्रम व 6 बोतल ताजा माल्टा व बैच नंबर 16 नवंबर 21 नकली शराब बरामद कर मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी। उधर, मुलाना पुलिस ने एसआई कर्मचंद की शिकायत पर उत्तम, पुनीत, कपिल पंडित, अंकित व अन्य पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
बता दें कि पुलिस को सूचना मिली थी कि धनौरा गांव में पुरानी कैमिकल की फैक्टरी बनी हुई है, जिसकी चारदीवारी हो रखी है। हालांकि अब वह कैमिकल की फैक्टरी बंद हो चुकी है। ऐसे में इस पुरानी फैक्टरी को धनौरा निवासी पुनीत, थम्बड़ निवासी कंपिल पंडित, उगाला निवासी अंकित उर्फ मोगली ने किराये पर लिया हुआ था। इसकी आड़ में ही जहरीली शराब का अवैध धंधा चल रहा था। जैसे ही टीम ने फैक्टरी में छापामारी की तो कुछ शराब की खाली बोतलों को जलाया हुआ था।
इसी फैक्टरी के सामने वाले कमरे से कुल 6 बोतल नकली शराब थी। जिन पर ताजा माल्टा व बैच नंबर 16 नवंबर 21 लिखा हुआ है। इसी हाल कमरा से 1 हजार लीड की पानी की टंकी मिली। पास में ही गन्ने के खेत में तलाशी ली गई तो कुछ रैपर ताजा माल्टा देसी शराब के मिले। इसके अलावा एक नकली शराब बनाने वाली बिजली की मशीन, 14 बडे़ प्लास्टिक के ड्रम, एक फैविकोल की प्लास्टिक की ड्रम, 4 छोटी प्लास्टिक के ड्र्रमी, तीस गट्ठे प्लास्टिक की खाली बोतलों के मिले। ऐसे में पुलिस ने शराब के सैंपल लिए।
पुलिस अधीक्षक ने किया अलर्ट, शराब के ठेकों पर चल रही चेकिंग
जहरीली शराब की फैक्टरी सामने आने पर पुलिस अधीक्षक अंबाला जश्नदीप सिंह रंधावा ने भी अलर्ट जारी कर दिया है। जिलाभर में पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने इलाकों में बैच नंबर-16 नवंबर 2021 ओएसिस ओवरसीज डिस्टलरी द्वारा निर्मित ब्रांड माल्टा की देसी शराब की जांच करने के लिए बोला है। ताकि इस शराब का कोई ओर सेवन न कर सकें।





