अलीगढ़: मांस फैक्ट्री में जहरीली गैस रिसाव से बेहोश हुए 59 कर्मचारी, मचा हडकंप

यूपी में अलीगढ़ के रोरावर क्षेत्र में गुरुवार को एक मांस फैक्ट्री में अमोनिया गैस लीक होने से खलबली मच गई। गैस की चपेट में आने से 59 कर्मचारी बेहोश हो गए हैं। सभी को जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

जिलाधिकारी इंद्रवीर सिंह ने बताया कि रोरावर थाना क्षेत्र के टकलसपुर इलाके में एक मांस फैक्ट्री में अमोनिया गैस का पाइप फट जाने से रिसाव शुरू हो गया और गैस के संपर्क में आने से लोग बेहोश होने लगे।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर हारिस मंसूर खां ने बताया कि गैस के संपर्क में आने से करीब 59 कर्मचारी बेहोश हो गए और उन सभी को अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी हालत खतरे से बाहर है।

खां ने बताया कि कुछ लोगों को ऑक्सीजन लगानी पड़ी थी, मगर उनकी हालत अब तेजी से ठीक हो रही है और उम्मीद है कि शाम तक सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी। जिला प्रशासन ने इस मामले की मजिस्ट्रेट से जांच कराने के आदेश दिए हैं और एहतियात के तौर पर फैक्ट्री के सुरक्षा बंदोबस्त कड़े कर दिए गए हैं।

Back to top button