अखिलेश यादव करहल विधानसभा सीट से आज देंगे इस्तीफा!

लखनऊ: सपा प्रमुख अखिलेश यादव करहल विधानसभा सीट से आज इस्तीफा देंगे। सोमवार को अखिलेश यादव मैनपुरी पहुंचे। यहां पदाधिकारी के साथ चर्चा की। पदाधिकारियों की सहमति के बाद अखिलेश ने करहल से इस्तीफा देने का फैसला लिया है। सपा के सूत्र बताते हैं कि मंगलवार को अखिलेश यादव विभानसभा अध्यक्ष को इस्तीफा सौंपेंगे। इस लोकसभा चुनाव में उन्होंने कन्नौज से चुनाव जीता है।

संसदीय चुनाव में शानदार प्रदर्शन के बाद समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव सोमवार को पिता एवं पार्टी संस्थापक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की समाधि पहुंचे और उनको श्रद्धासुमन अर्पित किए। लखनऊ से अपने पैतृक गांव सैफई पहुंचे सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की समाधि पर पहुंचकर पुष्पांजलि की और उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किये। स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की गैर मौजूदगी में होने वाला यह पहला संसदीय चुनाव था जिसमें सपा ने 37 सीटें अपने नाम की थी। यह सपा के इतिहास में सबसे बड़ी जीत है। उसकी सहयोगी कांग्रेस को छह सीटे हासिल हुई है।        

अखिलेश यादव अब दिल्ली की राजनीति में आने वाले हैं। जिसके बाद यह सवाल उठने लगा है कि यूपी में नेता प्रतिपक्ष का पद किसे सौंपा जाएगा। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि यह पद शिवपाल यादव संभाल सकते हैं। चूंकि, शिवपाल अब विधायक दल में सबसे वरिष्ठतम सदस्य हैं, इसलिए माना जा रहा है कि उन्हें नेता प्रतिपक्ष का पद दिया जा सकता है। फिलहाल, इस पर आखिरी फैसला अखिलेश यादव का ही होगा।

Back to top button