अख‍िलेश यादव ने योगी आद‍ित्‍यनाथ सरकार पर बोला हमला

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। पुलिसकर्मी मारे जा रहे हैं और गरीबों पर बुलडोजर चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार पुलिस विभाग का मुखिया तक नहीं ढूंढ़ पा रही है और कार्यवाहक डीजीपी के सहारे प्रदेश पुलिस काम कर रही है जो कि शर्मनाक है। यूपी में बस सांड दर्शन ही फ्री है।

अख‍िलेश यादव का दावा 2024 में साफ होगा भाजपा का सूपड़ा

सपा अध्यक्ष दुधवा में रात्रि विश्राम के बाद मंगलवार की सुबह पूर्व ब्लाक प्रमुख गुरुप्रीत सिंह जार्जी के आवास पर पार्टी नेताओं से मिलने के बाद पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 2024 में भारतीय जनता पार्टी का सूपड़ा साफ हो जाएगा। जनता जान चुकी है कि भाजपा सरकार सिर्फ पूंजीपतियों की सरकार है। गरीब और मिडिल क्लास आदमी बद से बदतर स्थिति में पहुंच चुके हैं।

माफ‍िया को खत्‍म करने के नाम पर बेगुनाह लोगों का उत्पीड़न- अख‍िलेश

गेहूं खरीद में भी सरकार ने अपने करीबियों को लाइसेंस जारी कर उन्हें करोड़ों का फायदा पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि माफिया को समाप्त करने के नाम पर बेगुनाह लोगों का उत्पीड़न किया जा रहा है। सरकार जानबूझ कर विशेष लोगों को निशाना बना रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि सत्ता के जबरदस्त दबाव के बाद भी आप लोगों ने अध्यक्ष पद पर चुनाव जीता इसके लिए आप सभी लोग बधाई के पात्र हैं। अब 2024 की तैयारी के लिए अभी से आप लोग जुट जाएं।

दुधवा टाइगर रिजर्व में बदइंतजामी से नहीं आ रहे सैलानी

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दुधवा टाइगर रिजर्व में सैलानियों के घूमने की फीस में कई गुणा बढ़ोत्तरी करने पर सरकार पर तंज कसा है। उन्होंने ट्वीट किया है कि 1700 रुपये की सफारी 6000 रुपये की हो गई है, जिससे पर्यटक दुधवा नहीं आ रहे हैं। यहां की बदइंतजामी व चोरी छिपे पेड़ों की कटाई छिपाने के लिए भाजपा सरकार चाहती ही नहीं है कि पर्यटक यहां आएं। यहां पर गाइड बेरोजगार से हो गए हैं।

कार्यवाहक डीजीपी के सहारे पुलिस के काम की आलोचना

उत्तर प्रदेश में बस सांड़ दर्शन ही फ्री है। सपा मुखिया सोमवार को लखीमपुर में आगमन के बाद से ही सरकार पर हमलावर हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के बीते नगर निकाय चुनाव में उछाले गए ट्रिपल इंजन की सरकार के नारे की बखिया उधेड़ी। उन्होने कहा कि ट्रिपल इंजन की सरकार का सपना दिखाने वालों के ट्रिपल इंजन आपस में ही भिड़ गए। पलिया में प्रेस से बात करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार पुलिस के मुखिया की तलाश नहीं कर पा रही है और कार्यवाहक डीजीपी के सहारे पुलिस के काम करने की आलोचना की। उसके कुछ देर बाद ही उनका दुधवा टाइगर रिजर्व के बारे में ट्वीट आ गया।

जिसमें उन्होंने सफारी के बढ़े दरों को कटान व बदइंतजामी से जोड़ते हुए उसकी आलोचना की। इतना ही नहीं अखिलेश यादव ने दुधवा में टाइगर सफारी न बनने को लेकर भी हमलावर रहे और गली सड़कों पर घूम रहे बेसहारा जानवरों से जोड़कर कहा कि उत्तर प्रदेश में बस सांड़ दर्शन ही फ्री है। उनके इस हमलावर रवैये को लेकर पार्टी नेता काफी खुश हैं।

Back to top button